U19 एशिया कप के फाइनल में पहुंचा भारत, पाकिस्तान से होगी खिताबी भिड़ंत

Under-19 Youth Asia Cup 2026: अंडर-19 यूथ एशिया कप में भारतीय युवा क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। ओमान के अल अमेरत क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 8 विकेट के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी।

इस शानदार जीत के साथ ही अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला भारत और चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

आर्यवीर सहवाग का शानदार प्रदर्शन

मैच की शुरुआत में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान की ओर से नुमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं।

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में ईशान सूद ने बेहद धारदार गेंदबाजी करते हुए 9 ओवरों में 43 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि आर्यन सावसानी को 2 सफलताएं मिलीं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम महज 37वें ओवर में ही 2 विकेट खोकर 228 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने कप्तानी पारी खेलते हुए सर्वाधिक 93 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनके अलावा वीके विनीत ने नाबाद 57 रन बनाते हुए छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।

पूर्व भारतीय विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने भी एक बार फिर बेहतरीन बल्लेबाजी का मुज़ाहिरा करते हुए 57 गेंदों पर 51 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

14 नवंबर को होगा महामुकाबला

सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को धूल चटाने के बाद अब भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीमें आमने-सामने होंगी। यह बहुप्रतीक्षित और हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को अल अमेरत (ओमान) के मैदान पर खेला जाएगा।

भारतीय समयानुसार मैच की शुरुआत सुबह 10:30 बजे से होगी। टूर्नामेंट के पिछले ग्रुप चरण के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ मिली करीबी हार का बदला लेने और एक बार फिर एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए टीम इंडिया पूरी तरह से तैयार है।

Back to top button