
अयोध्या से जनकपुर तक अब सीधी ट्रेन, PM मोदी और नेपाली पीएम दिखाएंगे हरी झंडी
Saryu Kamla Express Inauguration: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से नेपाल स्थित माता सीता की नगरी जनकपुर धाम को सीधे रेल मार्ग से जोड़ने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस (Saryu-Kamala Express) का उद्घाटन सोमवार, 23 नवंबर 2026 को होने जा रहा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से इस नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्याधाम जंक्शन पर भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शामिल हो रहे हैं।
रूट और समयसारिणी
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच की कुल दूरी 604 किलोमीटर है, जिसे सरयू कमला एक्सप्रेस लगभग 18 घंटे में पूरा करेगी। रेल मंत्रालय द्वारा भारत और नेपाल के सांस्कृतिक व धार्मिक संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस ट्रेन में भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा करने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 04295 सोमवार दोपहर 12:30 बजे अयोध्या धाम जंक्शन से प्रस्थान करेगी और मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी व जयनगर होते हुए मंगलवार सुबह 10:00 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
वापसी में विशेष ट्रेन संख्या 04296 मंगलवार दोपहर 1:00 बजे जनकपुर धाम से रवाना होकर उन्हीं प्रमुख स्टेशनों के रास्ते बुधवार सुबह 4:05 बजे गोरखपुर और सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम जंक्शन पहुंचेगी। नियमित संचालन में गाड़ी संख्या 15595/15596 जनकपुर धाम-अयोध्या धाम जंक्शन साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी, जिससे अवध और मिथिलांचल क्षेत्र के श्रद्धालुओं व पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।
अयोध्याधाम जंक्शन पर भव्य आयोजन
उद्घाटन समारोह के तहत सोमवार सुबह 11:00 बजे से अयोध्याधाम जंक्शन परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने रामनगरी में सुबह 9:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विशेष यातायात डायवर्जन लागू किया है।
इस अवधि के दौरान विद्याकुंड चौराहा से कनीगंज व रायगंज की ओर जाने वाले वाहनों को आसिफबाग चौराहा के रास्ते मोड़ा गया है, जबकि जैन मंदिर तिराहा से कनीगंज और रायगंज की ओर जाने वाले वाहन रामघाट चौराहा से होकर गुजरेंगे।





