CM योगी ने मां के नाम लिखी भावुक पाती, संन्यास के बाद भिक्षा के प्रसंग को किया याद

CM Yogi Emotional Letter: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अपनी माता सावित्री देवी के निधन के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पाती साझा की है। इस मार्मिक पत्र में मुख्यमंत्री ने मां की ममता, त्याग और संस्कारों को नमन करते हुए लिखा कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन जरूर कर सकते हैं।

उन्होंने अपने संन्यासी जीवन से जुड़ा वह यादगार प्रसंग भी साझा किया, जब संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद वे पहली बार भगवा वस्त्र में अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित घर की दहलीज पर भिक्षा मांगने पहुंचे थे।

‘मां केवल जननी ही नहीं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती को प्रत्येक मां के नाम समर्पित करते हुए लिखा कि मां के बिना जीवन, प्राणी का अस्तित्व और इस दुनिया की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने पौराणिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या का आशीर्वाद, मां की इच्छा से भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा के कारावास से गोकुल जाना तथा मां के संस्कारों से बालक ध्रुव और प्रह्लाद का निर्माण इस बात का प्रमाण है कि मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने लिखा कि मां का न होना भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्रेम और घर की एक गहरी छांव के हट जाने जैसा है।

मां से भिक्षा मांगने का प्रसंग

अपनी प्रथम गुरु और अक्षर ज्ञान देने वाली मां की अनंत यात्रा का स्मरण करते हुए सीएम योगी ने वह दृश्य साझा किया जब संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद वे गोरखपुर से उत्तराखंड के पंचूर स्थित अपने घर पहुंचे थे। संन्यास परंपरा के विधान के अनुसार उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर भिक्षा लगाई। आवाज सुनकर जब मां बाहर आईं तो भगवा वस्त्र में बेटे को देखकर उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ।

सीएम योगी ने लिखा कि मां के कुछ बोलने से पहले ही उन्होंने कहा कि मां, भिक्षा दीजिए। इस पर भावुक मां ने स्वयं को संभालते हुए पूछा कि बेटा यह क्या हाल बना रखा है, घर में क्या कमी थी जो भीख मांग रहे हो। तब योगी आदित्यनाथ ने उत्तर दिया कि मां, संन्यास मेरा धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी, वे वहां रहने नहीं बल्कि भिक्षा मांगने आए हैं और मां भिक्षा में जो कुछ देंगी वही उनके मनोरथ को पूर्ण करेगा। इसके बाद मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।

वंचित माताओं का संबल बनने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं और सार्वजनिक जीवन में आने के बाद से वे निरंतर प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपना कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि हर नागरिक यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का कार्य करेगा।

Back to top button