‘कुरान में कहीं नहीं लिखा बुर्का पहनो…’ शबाना आजमी का बेबाक बयान

Shabana Azmi Statement: हिंदी सिनेमा की वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी एक बार फिर अपने बेबाक विचारों को लेकर चर्चा में हैं। उषा काकड़े के पॉडकास्ट में हुई बातचीत के दौरान उन्होंने बुर्का और हिजाब से जुड़े संवेदनशील विषय पर खुलकर अपनी राय रखी।

शबाना आजमी ने कहा कि वह धर्म के पारंपरिक नियमों को नहीं मानतीं, लेकिन अपने पारिवारिक परिवेश और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के कारण स्वयं को मुस्लिम मानती हैं, जबकि उनके पति लेखक व गीतकार जावेद अख्तर स्वयं को नास्तिक बताते हैं।

बुर्के पर शबाना आजमी

बातचीत के दौरान शबाना आजमी ने कहा कि कुरान में कहीं भी यह नहीं लिखा गया है कि महिलाओं को इस प्रकार बुर्का पहनना चाहिए। उनके अनुसार, कुरान में केवल नजरों में शर्म और लिहाज रखने की बात कही गई है, जो महिलाओं और पुरुषों दोनों पर समान रूप से लागू होती है। उन्होंने कहा कि कुछ बिचौलियों ने धार्मिक शिक्षाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत करके लोगों के बीच भ्रम पैदा किया है।

शबाना आजमी ने आगे कहा कि वह स्वयं बुर्का नहीं पहनतीं, लेकिन यदि कोई उनसे यह कहे कि तुम बुर्का नहीं पहन सकतीं, तो वह जिद में तीन बुर्के पहन लेंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी को यह तय करने का अधिकार किसने दिया कि दूसरा व्यक्ति क्या पहनेगा, हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आजादी या धर्मनिरपेक्षता के नाम पर कट्टर सोच या कट्टरपंथ फैलाना भी उचित नहीं है।

राजनीति में कलाकारों की भूमिका

हिजाब विवाद से जुड़े पुराने संदर्भ को याद करते हुए शबाना आजमी ने कहा कि वर्ष 2022 में कर्नाटक के उडुपी में हिजाब को लेकर उठे विवाद के समय भी उन्होंने अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उस दौरान शबाना ने कहा था कि अफगानिस्तान एक धर्मतांत्रिक देश है, जबकि भारत एक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य है।

कलाकारों के राजनीति में आने के विषय पर शबाना आजमी ने कहा कि यह हर व्यक्ति का निजी फैसला है, लेकिन इसे केवल पद या सम्मान पाने का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। उनके मुताबिक, यदि जनता ने किसी कलाकार को प्रेम और पहचान दी है, तो उसे समाज के हित में ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। शबाना स्वयं 1997 में राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं और उन्होंने सामाजिक व जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई है।

Back to top button