
भारत-नेपाल संबंध को मिलेगी नई दिशा! PM मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू
PM Modi Balen Shah Meeting: दो दिवसीय राजकीय भारत यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) का सोमवार, 23 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे और बालेन शाह ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।
इसके बाद राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत दोनों नेताओं के बीच हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई, जिसमें क्षेत्रीय, वैश्विक और द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हो रही है।
हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है, जिसे भारत और नेपाल के संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हैदराबाद हाउस में जारी बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा व पनबिजली क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, रेलवे व सड़क संपर्क मजबूत करने तथा नेपाल में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर चर्चा केंद्र में है।
भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन और निवेश साझेदार है और दीर्घकालिक बिजली व्यापार समझौते के तहत सहयोग को और विस्तार देने पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपदा प्रबंधन और आर्थिक सहायता से जुड़ी पहलों व समझौतों पर भी दोनों पक्षों के बीच विमर्श चल रहा है।
इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संपर्क को मजबूत करने वाली अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। रामनगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल संपर्क सेवा से रामायण सर्किट को मजबूती मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन, व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
अवध और मिथिलांचल क्षेत्र के पारंपरिक संबंधों को नई गति देने वाली इस पहल को लेकर स्थानीय स्तर पर भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। द्विपक्षीय वार्ता और संबंधित कार्यक्रमों के तहत दोनों देशों के बीच संपर्क व सहयोग को और सुदृढ़ करने की रूपरेखा पर आगे की प्रक्रिया जारी है।
ये भी पढ़े- अयोध्या से जनकपुर तक अब सीधी ट्रेन, PM मोदी और नेपाली पीएम दिखाएंगे हरी झंडी





