UP में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, 1.73 लाख बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

UP Voter List: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों को एक और विशेष अवसर मिलने जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को प्रदेशभर के लगभग 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।

इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक अपने-अपने बूथ पर ड्राफ्ट मतदाता सूची और आवश्यक प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि जो मतदाता 21 और 22 नवंबर के अभियान में शामिल नहीं हो पाए थे, वे अपना नाम जुड़वा या विवरण ठीक करा सकें।

18 वर्ष के युवाओं का मौका

विशेष अभियान के दौरान नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। नया नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा, नाम हटवाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाएगा, जबकि नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन तथा पता बदलने के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है।

जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र हैं और समय रहते आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और नए पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

मतदाता पंजीकरण या संशोधन के लिए बूथ पर जाने के साथ-साथ घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आपत्तियां दर्ज कराने की निर्धारित अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक तय की गई है, जिसके तहत नागरिक विशेष अभियान दिवसों के अलावा भी इस समयावधि में आवेदन कर सकते हैं। 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर तैयार की जा रही इस सूची के लिए प्राप्त दावों व आपत्तियों के निस्तारण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

Back to top button