
बारिश से मुंबई की सड़के बनी ‘समंदर’, कागज की तरह तैरने लगी इनोवा कार
Maharashtra Rains: महाराष्ट्र में मानसून 7 जून की सामान्य तिथि से 12 दिन पहले, 25 मई को आ गया. भारी बारिश से बारामती और दौंड में बाढ़ जैसे हालात हैं.
Maharashtra Rains: महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को दस्तक दे दी है। बता दें कि बीते 35 साल में पहली बार राज्य में मॉनसून इतनी जल्दी पहुंचा है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश का कहर ऐसा है कि पुणे-सोलापुर हाईवे पर दौंड तालुका में इनोवा कार ही बह गई है। इनोवा कार के बहने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मध्य रेलवे की मेन लाइन पर कल्याण की ओर जाने वाली धीमी लोकल ट्रेनें 5 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर आने वाली तेज लोकल ट्रेनों में औसतन 10 मिनट की देरी दर्ज की गई है।
भारी बारिश में नीरा डावा नहर टूटी
बारामती और दौंड में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. रविवार (25 मई) को हुई मूसलधार बारिश की वजह से बारामती में नीरा डावा नहर टूट गई. इसका पानी तेजी से पालखी हाईवे पर फैल गया, जिससे काटेवाड़ी-भवानीनगर मार्ग बंद करना पड़ा. बारामती के 150 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया. फिलहाल, प्रशासन अलर्ट मोड पर है और NDRF की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं.
राजमार्ग पर बह गई इनोवा कार
पिछले चार दिनों से दौंड तालुका में हो रही भारी बारिश के कारण पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर स्वामी चिंचोली में बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया है। इस बीच, भारी बारिश के कारण पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर एक इनोवा बह गई। सौभाग्य से इसमें कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर भारी बारिश के कारण यातायात ठप हो गया है।
शनिवार को ही मॉनसून केरल के तट पर पहुंच गया था। आम तौर पर मॉनसून 1 जून को केरल पहुंचता था। 8 जुलाई तक मॉनसून पूरे देश को कवर कर पाता था। 15 अक्टूबर तक मॉनसून पूरी तरह से वापस चला जाता था। मॉनसून आम तौर पर 7 जून तक मुंबई पहुंचता था और 11 जून को मुंबई। लेकिन इस बार प्रीमॉनसून बारिश भी कहर ढा रही है।





