मुंबई: 20 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, अब तक 7 की मौत; कई घायल

मुंबई के ताडदेव इलाके में भीषण आग

मुंबई। मुंबई के ताडदेव इलाके में भाटिया अस्पताल के पास आज शनिवार को 20 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आने से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। दिल दहला देने वाली इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि 6 वृद्ध लोगों को ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम की जरूरत थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

मौके पर फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन धुआं बहुत ज्यादा है।

लेवल 3 की आग घोषित किया गया

दमकल विभाग के अनुसार, आग सुबह 7.28 बजे लगी और सुबह 8.10 बजे इसे लेवर 3 घोषित किया गया।

विभाग ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 13 गाड़ियां और सात जंबो टैंकर लगाए गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

3 घायल ICU में भर्ती

घायलों में से 15 को भाटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3 ICU में हैं और 12 सामान्य वार्ड में भर्ती हैं। वहीं, चार घायलों को नायर अस्पताल भेजा गया है।

नायर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो लोगों को मृत लाया गया था। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया।

Back to top button