
Congress समर्थकों की हाथापाई पर पूर्व अध्यक्ष Ajay Rai ने दी सफाई
UP Congress: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (कांग्रेस मुख्यालय) में हाल ही में हुए हाई-वोल्टेज हंगामे और कार्यकर्ताओं के बीच हुई हाथापाई का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरी घटना के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने अपना कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है।
अजय राय ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पार्टी को मजबूत करने और उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी है।
कठोर कार्रवाई की मांग
लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि यदि पार्टी को आगे बढ़ाना है और राज्य में मजबूत संगठन खड़ा करना है, तो ऐसा आपत्तिजनक बर्ताव करने वालों और संगठन की छवि धूमिल करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसे पार्टी से बाहर निकाला जाए या किस पर क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई हो, यह व्यक्तिगत रूप से वह तय नहीं करेंगे बल्कि यह पूरा फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
खबरों के अनुसार, अजय राय ने इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के सामने रखी है। उन्होंने इस दौरान पार्षद ममता चौधरी और अन्य संबंधित पक्षों के आचरण पर सवाल उठाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़े- डिप्टी CM आवास के सामने ANM का प्रदर्शन, 2027 में परिणाम भुगतने की दी चेतावनी
राहुल गांधी से फोन पर बातचीत
सूत्रों के हवाले से यह भी सामने आया है कि इस अप्रिय घटना के बाद अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से फोन पर बातचीत की और उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए अजय राय को सार्वजनिक रूप से किसी भी तरह की बयानबाजी से बचने और बैठकर आपसी चर्चा के जरिए मामले को सुलझाने की सलाह दी है।
ये भी पढ़े- UP Congress में अंदरूनी कलह? पदभार कार्यक्रम में बवाल
गौरतलब है कि लखनऊ कार्यालय में हुए इस हंगामे और तनाव के बाद अजय राय निर्धारित औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए बिना ही अचानक वहां से चले गए थे, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
ये भी पढ़े- यूपी कांग्रेस में नई शुरुआत, आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने संभाला प्रदेश अध्यक्ष की कमान





