UP News: अलीगढ़ में शर्मनाक वारदात, नाबालिग को मोबाइल का लालच देकर किया गैंगरेप

UP News: अलीगढ़ में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सब्जी लेने गई 14 वर्षीय किशोरी को 50 रुपये और मोबाइल का लालच देकर दो नशेड़ियों ने गैंगरेप का शिकार बनाया।

UP News: यूपी के अलीगढ़ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां छर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में दो नशेड़ियों ने 14 साल की एक मासूम किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने किशोरी को महज 50 रुपये और मोबाइल फोन का लालच देकर जाल में फंसाया और फिर उसके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं।

पुलिस ने गंभीर हालत में पीड़िता को जेएन मेडिकल कॉलेज (JN Medical College) में भर्ती कराया है। वहीं, ग्रामीणों की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

सब्जी लेने बाजार गई थी किशोरी

पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे उनकी 14 वर्षीय बेटी घर से सब्जी लेने के लिए बाजार गई थी। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किशन गोपाल और संजू अत्यधिक शराब के नशे में धुत थे। बाजार में सब्जी लेने आई किशोरी को अकेला देखकर उनकी नीयत बिगड़ गई। आरोपियों ने बच्ची को 50 रुपये और मोबाइल फोन का लालच दिया और उसे अपनी बाइक पर बैठाकर करीब 4 किलोमीटर दूर अपने गांव ले गए।

घर ले जाकर पिलाई शराब

आरोपी किशोरी को अपने घर ले गए और वहां उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) किया। नशे में धुत आरोपियों ने मासूम के साथ इस कदर बर्बरता की कि उसके पूरे शरीर पर काटने और नोंचने के निशान मिले हैं।

चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीण

जब घर के अंदर से किशोरी की चीखें और मारपीट की आवाजें बाहर आईं, तो ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर किशोरी जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ी थी और उसका चेहरा व होंठ सूजे हुए थे। दोनों आरोपी भी मौके पर ही नशे की हालत में मिले।

ये भी पढ़े- टैंकर से पेट्रोल-डीजल चुराकर मिलाते थे खतरनाक साल्वेंट, लखनऊ में पकड़ा गया गैंग

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जेएन मेडिकल कॉलेज में पीड़िता का इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ये भी पढ़े- सिर्फ15 रुपये टोल, 40 मिनट में सफर… जानिए कितना खास है कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे

Back to top button