BJP MLA मैथिली ठाकुर के पिता पर जमीन कब्जाने का आरोप, CMO तक पहुंची शिकायत

Maithili Thakur Father Controversy: बिहार के दरभंगा जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से BJP की विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर जमीन विवाद को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। जिले के तारडीह प्रखंड अंतर्गत पोखरभिंडा पंचायत के ग्रामीणों ने रमेश ठाकुर पर सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, सामूहिक श्राद्धस्थल और कई ग्रामीणों के निजी भूखंडों पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है।

नाराज ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और ‘सहयोग पोर्टल’ पर भी लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अतिक्रमण हटाने व निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सार्वजनिक रास्ता बंद करने के आरोप

ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को सौंपे गए सामूहिक आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के नजदीक स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल की भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। गांव वालों का कहना है कि यह स्थान पूरे गांव की धार्मिक और सामाजिक आस्था से जुड़ा है, जिस पर निर्माण होने से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।

इसके अतिरिक्त, शशिनाथ मिश्र चौक से वाटरवेज की ओर जाने वाले मुख्य सार्वजनिक रास्ते पर भी अतिक्रमण करने की शिकायत की गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस रास्ते के बाधित होने से किसानों को अपने खेतों तक आने-जाने और कृषि कार्यों में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

मिट्टी कटाई पर भी विवाद

इस विवाद में गांव के कई स्थानीय भूस्वामियों ने भी अपनी निजी जमीन पर कब्जे की शिकायत की है। ग्रामीण भगवान मिश्र का आरोप है कि उनकी करीब तीन कट्ठा जमीन में से 14 धूर हिस्से पर जबरन बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई है, जिससे उनके बगीचे तक जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।

वहीं, रामउदार मिश्र ने आरोप लगाया कि उनकी 15 धूर जमीन के बदले दूसरी जमीन देने की बात तय हुई थी, लेकिन आज तक न तो जमीन की अदला-बदली की गई और न ही उसका भुगतान हुआ।

इसके अलावा, तालाब से निकलने वाले नाले को मिट्टी से भरकर सड़क बनाने तथा पूर्वजों की समाधियों और बिजली के ट्रांसफार्मर के पास अवैध रूप से मिट्टी कटाई किए जाने पर भी ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

अंचलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी अंचलाधिकारी (CO) आलोक कुमार ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को जमीन से जुड़े वैध दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है, ताकि पैमाइश और कागजातों की जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पोखरभिंडा के सरपंच हरेराम चौपाल ने बताया कि ग्राम कचहरी में अभी तक कोई औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन लोक संवाद के दौरान यह विवाद सामने आया था।

दूसरी ओर, इन तमाम आरोपों पर विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने अपना पक्ष रखते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि वह फिलहाल पटना से बाहर हैं और उन्होंने उन्हीं लोगों से वैध तरीके से जमीन खरीदी है। रमेश ठाकुर ने कहा कि अंचलाधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरी सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।

Back to top button