BJP का बड़ा युवा मिशन! Gen Z से सीधा संवाद करेगी ये खास टीम…

Gen Z युवाओं से सीधा संवाद बढ़ाएगी टीम, उनकी अपेक्षाओं और मुद्दों को समझने के साथ पार्टी की नीतियों से जोड़ने पर रहेगा फोकस

Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब Gen Z यानी युवा वर्ग के बीच अपनी आउटरीच बढ़ाने पर विशेष फोकस कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने Gen Z वोटरों के साथ संवाद और संपर्क मजबूत करने के लिए एक स्पेशल टीम तैयार की है। यह टीम जल्द ही युवाओं के बीच विशेष आउटरीच कार्यक्रम शुरू कर सकती है।

इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार, इस विशेष टीम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हर्ष सांघवी और ओ.पी. चौधरी समेत कुछ अन्य नेता शामिल किए गए हैं।

टीम का उद्देश्य युवाओं के साथ सीधे संवाद को बढ़ाना और Gen Z की प्राथमिकताओं, अपेक्षाओं तथा मौजूदा मुद्दों को समझना होगा। इसके साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा को युवा वर्ग तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।

युवाओं से सीधे संवाद पर फोकस
बीजेपी की इस रणनीति में युवाओं के साथ केवल राजनीतिक संवाद ही नहीं, बल्कि उनके रोजगार, शिक्षा, तकनीक, अवसर और भविष्य से जुड़े मुद्दों को समझने पर भी जोर रहने की संभावना है। पार्टी की कोशिश है कि युवा वर्ग के साथ लगातार संपर्क बनाया जाए और उनकी चिंताओं को पार्टी के एजेंडे से जोड़ा जाए।

सूत्रों के मुताबिक, आने वाले समय में इस टीम के जरिए अलग-अलग स्तर पर युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें…

‘उद्योग’ की परिभाषा पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से कांग्रेस नाराज, जयराम रमेश ने उठाए सवाल

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भी हुई चर्चा
इससे पहले शनिवार को बीजेपी की राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में पार्टी के नए पदाधिकारियों के साथ पुराने पदाधिकारियों को भी बुलाया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से युवाओं के साथ अधिक से अधिक संवाद और आउटरीच बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में संयम और अनुशासन बनाए रखने की जरूरत बताई।

यह भी पढ़ें…

‘चीनी 40% महंगी’ खरगे के दावे पर BJP का पलटवार, अमित मालवीय ने बताए आंकड़े

तथ्यों के आधार पर जवाब देने पर जोर
बैठक में नितिन नवीन ने विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने की बात कही। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से बीजेपी की विचारधारा से जुड़े रहते हुए ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।

इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।

बीजेपी की Gen Z आउटरीच टीम को पार्टी की युवा रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इस टीम के कार्यक्रमों के जरिए यह साफ होगा कि पार्टी युवा मतदाताओं के साथ किस तरह का संवाद और संपर्क अभियान चलाती है।

यह भी पढ़ें…

मोदी के जश्न में डूबेगी भाजपा, मनाएगी ‘सेवा संकल्प महोत्सव’

Back to top button