
राष्ट्रपति भवन में BRICS डिनर आज, पुतिन-जिनपिंग संग योगी आदित्यनाथ भी होंगे मौजूद…
BRICS डिनर में पुतिन-जिनपिंग के साथ योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल, राष्ट्रपति भवन में 160 सदस्यीय सांस्कृतिक दल देगा खास प्रस्तुति
BRICS Summit 2026: भारत में आयोजित BRICS Summit 2026 के बीच शनिवार शाम राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से खास रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। इस डिनर में BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ भारत के कई वरिष्ठ नेता और राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी इस आयोजन को खास बना रही है।
पुतिन-जिनपिंग के साथ नजर आएंगे योगी
राष्ट्रपति भवन में होने वाले इस विशेष भोज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी और राजस्थान के CM भजन लाल शर्मा रात्रिभोज में शामिल होंगे। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के साथ राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी इस आयोजन को राजनीतिक और कूटनीतिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण बना रही है।
गुजरात-महाराष्ट्र और गोवा के नेता भी होंगे शामिल
BRICS डिनर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह पटेल और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भी शामिल होने की जानकारी है। वहीं गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी इस विशेष आयोजन के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस रात्रिभोज के लिए देशभर के राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। ऐसे में कार्यक्रम में कई अन्य मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी शामिल हो सकते हैं।
राष्ट्रपति भवन में होगा खास सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित यह रात्रिभोज शनिवार शाम राष्ट्रपति भवन में होगा। कार्यक्रम के दौरान भारत की सांस्कृतिक विरासत के साथ BRICS देशों की संस्कृति की झलक भी पेश की जाएगी।
इस अवसर पर करीब 160 सदस्यों वाला सांस्कृतिक दल विशेष प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम में चीन, रूस, ईरान समेत BRICS के सदस्य देशों की सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें…
बाबा नीब करौरी की छह पोतियों और ट्रस्टी को नोटिस
पुतिन और जिनपिंग की पसंद के मुताबिक तैयार होगा मेन्यू
राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले इस खास डिनर के लिए दिल्ली के प्रमुख शेफों की ओर से विशेष मेन्यू तैयार किया गया है। इसमें BRICS देशों की खानपान परंपराओं को ध्यान में रखा गया है।
मेन्यू में चीन, रूस, ईरान, सऊदी अरब और इथियोपिया समेत सदस्य देशों की खाद्य संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। विदेशी मेहमानों की भोजन संबंधी पसंद को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें…
MBBS छात्रों के लिए बड़ी राहत, देशभर में 13,186 सीटें बढ़ीं; कुल संख्या 1.40 लाख के पार
BRICS सम्मेलन में पुतिन और जिनपिंग की मौजूदगी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और BRICS बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शनिवार को दिल्ली पहुंचे हैं।
BRICS Summit 2026 के दौरान भारत और प्रमुख सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय बैठकों पर पूरी दुनिया की नजर है। ऐसे में राष्ट्रपति भवन में होने वाला यह विशेष रात्रिभोज सम्मेलन के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें…





