
मेरठ में BJP युवा मोर्चा नेता की निर्मम हत्या, गांव में दहशत का माहौल
BJP leader murder in Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के थाना किठौर क्षेत्र के गांव भड़ौली में शनिवार सुबह भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री और बीडीसी सदस्य प्रमोद कुमार भड़ाना की गोली मारकर हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबक गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद भड़ाना सुबह अपने खेत में चारा लेने गए थे। इसी दौरान गांव का ही निवासी रॉबिन गुर्जर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रमोद वहीं गिर पड़े। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया।
घायलों को तुरंत ग्राम प्रधान सतीश अपनी कार से अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी रॉबिन ने कार पर भी फायरिंग की। इसके बावजूद घायल प्रमोद को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना ने उनके परिवार और समर्थकों में कोहराम मचा दिया।
हत्या के बाद आरोपी रॉबिन सीधे मृतक के घर पहुंचा और वहां भी गोलियां चला दीं। ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना केवल प्रमोद की हत्या तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरे गांव को डराने और खौफजदा करने का प्रयास था।
यह भी पढ़ें…
CM Yogi ने पेश की यूपी की ग्रोथ स्टोरी और विकसित यूपी @2047 की योजना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हत्या तीन दिन पहले हापुड़ के नानपुर गांव में हुई फायरिंग की घटना से जुड़ी हुई है। उस घटना में प्रमोद और ग्राम प्रधान सतीश के बेटे पीड़ित पक्ष के साथ गढ़मुक्तेश्वर थाने गए थे। इसी पुरानी रंजिश के चलते रॉबिन ने यह वारदात की।
पुलिस ने मामले में रॉबिन के पिता तरसपाल और साथी विनय गुर्जर को हिरासत में लिया है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो। अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और फरार आरोपी रॉबिन की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें…
दम लगाओ…रोटी खाओ, यूपी ट्रेड शो में दिखी अनोखी मशीन; एक्सरसाइज के साथ…
इस घटना ने मेरठ जिले में राजनीतिक और सामाजिक रूप से सनसनी फैला दी है। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें…





