
CM योगी का मथुरा से कड़ा संदेश, कहा- श्रीकृष्ण जन्मभूमि ने कई आक्रमण सहे
CM Yogi Mathura: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय मथुरा-वृंदावन प्रवास पर पहुंचे हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए कुल 1,051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से मथुरा-वृंदावन में सड़क कनेक्टिविटी, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास, विरासत और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा सियासी संदेश दिया।
”विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर तोड़े’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय तक विकास को केवल बिजली और पानी के नजरिए से देखने की कोशिश की गई, जबकि विकास के नाम पर देश की सांस्कृतिक विरासत का अपमान भी हुआ। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की विरासत और परंपराओं को नष्ट करने का प्रयास किया और अंग्रेजों ने भी इस दिशा में सीमाएं पार कीं।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता और उपद्रव का ऐसा माहौल था कि उत्सवों की कल्पना करना भी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की पहचान उसकी स्मृतियों, संस्कृति और जड़ों से होती है। इसलिए जब हम अपनी विरासत की बात करते हैं, तो इतिहास को समझना भी जरूरी हो जाता है।
उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास सनातन की निरंतरता का इतिहास है। देश ने कई विदेशी आक्रमणों का सामना किया, लेकिन कोई भी भारत की स्मृतियों, परंपराओं और सांस्कृतिक चेतना को मिटा नहीं सका। मुख्यमंत्री ने इसे सनातन की शक्ति और ब्रज की पहचान बताया।
ये भी पढ़े-पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में वांछित आदिल एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
काशी-अयोध्या और सनातन पर भी रखी अपनी बात
काशी और अयोध्या का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में मंदिर को औरंगजेब ने तुड़वाया था, लेकिन वहां की परंपरा कभी समाप्त नहीं हुई। आज काशी विश्वनाथ धाम अपनी भव्यता के लिए विश्वभर में जाना जाता है। इसी तरह अयोध्या में भी मंदिर को तोड़कर मस्जिद का ढांचा बनाया गया, लेकिन सनातन की आस्था निरंतर आगे बढ़ती रही और आज वहां भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है।
सीएम योगी ने कहा कि भारत को सही मायनों में समझने के लिए उन पूज्य संतों और क्रांतिकारियों के जीवन और योगदान को पढ़ना होगा, जिन्होंने देश की संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का काम किया।
ये भी पढ़े-Satish Mahana से मिली ओडिशा विधानसभा की समिति, विधायी कामकाज पर हुई चर्चा
‘यूपी अब दंगा-कर्फ्यू मुक्त’
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू मुक्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रा में हिस्सा लिया। योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2016 की जौहर बाग घटना और उस दौर में मेरठ व लखनऊ समेत कई स्थानों पर होने वाले दंगों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों से उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त है और आज उत्सव प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके अनुसार यही वास्तविक परिवर्तन है।
ये भी पढ़े-Mall की महिलाओं की नई उड़ान: स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बनीं आत्मनिर्भर…





