
वॉशिंग मशीन वाली रिश्वतखोर DCLR पर शिकंजा, खातों में मिले 10.27 लाख रुपये
रिश्वत लेते पकड़ी गईं DCLR कंचन कुमारी झा के तीन बैंक खातों में 10.27 लाख रुपये मिले; निगरानी ब्यूरो ने खाते फ्रीज किए, जमीन के दस्तावेज और बरामद नकदी की भी जांच जारी।
Patna: रिश्वत लेते पकड़ी गईं समस्तीपुर के रोसड़ा की भूमि सुधार उप-समाहर्ता (DCLR) कंचन कुमारी झा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में उनके तीन बैंक खातों में कुल 10.27 लाख रुपये जमा मिले हैं। जांच एजेंसी ने तीनों बैंक खातों को फ्रीज करा दिया है।
जांच में एक खाते में 7.06 लाख रुपये, दूसरे में 2.31 लाख रुपये और तीसरे खाते में 90 हजार रुपये जमा पाए गए। अब निगरानी की टीम इन खातों में जमा रकम के स्रोत और लेन-देन की भी जांच कर रही है।
ग्रामीण जमीन के दो दस्तावेज भी मिले
जांच के दौरान कंचन कुमारी झा के पास ग्रामीण जमीन की खरीद से जुड़े दो दस्तावेज भी मिलने की जानकारी सामने आई है। इन दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन और मूल्यांकन कराया जा रहा है। निगरानी ब्यूरो यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इन संपत्तियों की खरीद में किसी तरह की अनियमितता तो नहीं हुई।
यह भी पढ़ें…
Bihar MLC चुनाव में प्रशांत किशोर का बड़ा दांव, 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जन सुराज…
सरकारी आवास से मिले थे 13.82 लाख रुपये नकद
रिश्वत के मामले में ट्रैप की कार्रवाई के तुरंत बाद निगरानी टीम ने DCLR के सरकारी आवास पर भी छापेमारी की थी। इस दौरान वहां से 13 लाख 82 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। इससे पहले ट्रैप कार्रवाई में कथित तौर पर दो लाख रुपये नकद और करीब 37 हजार रुपये कीमत की नई वॉशिंग मशीन रिश्वत के रूप में लिए जाने का मामला सामने आया था।
यह भी पढ़ें…
बिहार की बेटियों को सरकार देगी ₹1 लाख तक, SC-ST महिलाओं के लिए भी बड़ा ऐलान
हाथ के धोवन की होगी FSL जांच
पिछले सप्ताह ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम लेते समय आरोपी के हाथ धुलवाए गए थे। हाथ के धोवन से प्राप्त गुलाबी रंग के द्रव्य को अब एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने द्रव्य को जब्त कर लिया है और कोर्ट के आदेश के बाद इसे विधि-विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
जांच एजेंसी अब बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और बरामद नकदी समेत अन्य साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़कर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें…





