
‘अबकी बार 3000 पार!’ दिल्ली की जहरीली हवा पर कॉकरोच जनता पार्टी का तंज
Delhi Air Pollution: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने दिल्ली के प्रदूषण पर तंज कसते हुए ‘अबकी बार 3000 पार’ का नारा दिया है।
दिवाली की रात हुई आतिशबाजी के बाद दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। सोमवार सुबह भी इसका असर दिखाई दिया। आसमान में धुंध की मोटी परत छाई रही और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
‘अबकी बार 3000 पार’
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘अबकी बार 3000 पार!’
इस स्क्रीनशॉट में पश्चिमी दिल्ली के नगर चौखंडी इलाके का AQI रविवार रात करीब 11:21 बजे 3036 दिखाया गया था। यह इलाका तिलक नगर और मुखर्जी पार्क के पास स्थित है।
पार्टी ने इस पोस्ट के जरिए दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति पर सरकार को घेरने की कोशिश की।
दिल्ली में AQI गंभीर श्रेणी में
दिवाली के बाद दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।
दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) और बुराड़ी क्रॉसिंग के पास AQI 437 दर्ज किया गया। वहीं बवाना, जहांगीरपुरी, सोनिया विहार, पंजाबी बाग, ओखला और रोहिणी समेत कई इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही।
401–500 गंभीर
ध्यान देने वाली बात यह है कि भारत का आधिकारिक AQI स्केल 500 तक है। इसलिए 3000 का आंकड़ा भारतीय CPCB के आधिकारिक AQI पैमाने पर दर्ज रीडिंग नहीं है। अलग-अलग एयर क्वालिटी प्लेटफॉर्म और AQI स्केल के कारण आंकड़ों में अंतर हो सकता है।
फिर चर्चा में दिल्ली का प्रदूषण
दिल्ली में हर साल सर्दियों की शुरुआत के साथ प्रदूषण की समस्या गंभीर होने लगती है। दिवाली पर आतिशबाजी के बाद हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ने से स्थिति और खराब हो जाती है।
इस बार भी दिवाली के बाद दिल्ली की हवा को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी की ‘3000 पार’ वाली पोस्ट इसी बहस का हिस्सा बन गई है।
अब सवाल यह है कि दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जिम्मेदार एजेंसियां क्या कदम उठाती हैं और राजधानी के लोगों को जहरीली हवा से राहत कब मिलती है।





