लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 3 की मौत, कई घायल

Lucknow Bus Accident:  छठ पर्व मनाने के लिए बिहार अपने घर लौट रहे यात्रियों के साथ सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही यात्रियों से भरी एक बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

हादसा 9 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

छठ मनाने घर लौट रहे थे यात्री

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा की ओर जा रही थी। इसमें करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें बड़ी संख्या में बिहार के अलग-अलग जिलों के लोग शामिल थे, जो छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे।

बस में बिहार के छपरा, गोपालगंज, वैशाली, बेगूसराय समेत कई जिलों के यात्री सवार थे। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, देवरिया और आजमगढ़ के यात्री भी बस में मौजूद थे।

हादसे के बाद घायलों को लखनऊ के दो प्रमुख अस्पतालों में पहुंचाया गया। KGMU ट्रॉमा सेंटर में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भर्ती कराया गया। और लोकबंधु अस्पताल में अन्य घायल यात्रियों का इलाज शुरू किया गया।

उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनके इलाज की जानकारी ली।

शुरुआती पुलिस जानकारी में 42 लोगों को अस्पताल पहुंचाने की बात कही गई थी, जबकि जिलाधिकारी विशाख जी ने लगभग 45 लोगों के घायल होने की जानकारी दी।

टायर फटने से हुआ हादसा ?

शुरुआती रिपोर्टों में बस का टायर फटने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस खाई में जा गिरी।

वहीं कुछ यात्रियों ने चालक पर नशे में होने और तेज रफ्तार से बस चलाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने को कहा

 

 

Back to top button