Dharmendra की पहली डेथ एनिवर्सरी पर इमोशनल हुईं हेमा, X पर लिखा भावुक नोट

Dharmendra Death Anniversary: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से अलविदा कहे एक वर्ष पूरा हो गया है, लेकिन उनके परिवार और करोड़ों प्रशंसकों के मन में उनकी स्मृतियां आज भी जीवंत हैं। उनकी पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी (Hema Malini) ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर एक भावुक संदेश साझा किया।

लिखा कि एक साल बीत जाने के बावजूद उन्हें खोने का दुख आज भी उसी तीव्रता के साथ महसूस होता है और उनके बिना जीवन में एक गहरा खालीपन है।

पति, मित्र और सहारा थे धर्मेंद्र

अपने संदेश में हेमा मालिनी ने लिखा कि उन्होंने ऐसे व्यक्ति को खोया है, जिसकी जगह कोई और नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र केवल उनके पति ही नहीं, बल्कि उनके मित्र, मार्गदर्शक, सहारा और ताकत थे तथा संक्षेप में कहें तो वे उनके अस्तित्व और पूरी दुनिया का हिस्सा थे।

हेमा मालिनी ने आगे लिखा कि धर्मेंद्र के बिना जीवन सूना प्रतीत होता है। उनके अनुसार, उनका व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था और उनके भीतर की सहज अच्छाई व स्नेह से परिचित हर व्यक्ति अपनापन महसूस करता था। इतनी बड़ी सफलता और लोकप्रियता हासिल करने के बाद भी वे सदैव सादगी और जमीन से जुड़े रहे तथा अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले।

श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख

अपने नोट में हेमा मालिनी ने श्रीमद्भगवद्गीता के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए लिखा कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है, जिसका उन्हें बोध है, फिर भी इसी जीवन में रहते हुए वे उनकी स्नेहपूर्ण उपस्थिति को याद किए बिना नहीं रह सकतीं।

उन्होंने उन लाखों प्रशंसकों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने इस उदार और प्रिय कलाकार को याद किया और धरम जी के प्रति स्नेहपूर्ण संदेश भेजे। उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया था। छह दशक से अधिक के करियर में उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें शोले, चुपके चुपके, फूल और पत्थर और सत्यकाम जैसी कालजयी फिल्में शामिल हैं।

वर्ष 1980 में विवाह के बाद धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी को दर्शकों का खूब प्यार मिला और उनकी दो बेटियां ईशा देओल तथा अहाना देओल हैं।

Back to top button