बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ का तूफान, 1000 करोड़ के क्लब में शामिल हुई फिल्म

Ramayana Box Office: भारतीय सिनेमा जगत में इतिहास रचते हुए निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana: Part 1) ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया मील का पत्थर हासिल कर लिया है।

रिलीज के पहले दिन से ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ जुटाने वाली इस फिल्म ने महज 8 दिनों के भीतर दुनिया भर में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े और ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

आठ दिनों में इतनी कमाई

व्यापार विश्लेषकों और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे दिग्गजों से सजी इस भव्य फिल्म ने आठवें दिन तक वैश्विक स्तर पर कुल 1,033.55 करोड़ रुपये की ताबड़तोड़ कमाई कर ली है। शुरुआती दिनों में धमाकेदार ओपनिंग के बाद वीकेंड और फेस्टिव छुट्टियों के दौरान फिल्म के कलेक्शन में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।

भारत में भी फिल्म का जलवा कायम है और इसका घरेलू नेट कलेक्शन 564 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ‘रामायणम्’ सबसे तेजी से 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है।

भव्य निर्माण ने खींचा दर्शकों का ध्यान

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान श्रीराम की भूमिका में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया है। वहीं, साउथ के सुपरस्टार यश (रावण) और साई पल्लवी (माता सीता) के अभिनय ने फिल्म के प्रभाव को और अधिक गहरा कर दिया है। फिल्म के शानदार वीएफएक्स (VFX), भव्य सेट और ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान व हैंस जिमर के संगीत ने सिनेमाघरों में एक अलग ही समां बांध दिया है।

फिल्म की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरी इंडस्ट्री और फैंस में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल है, और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस के और कौन-कौन से पुराने रिकॉर्ड तोड़ती है।

ये भी पढ़े-मौसमी चटर्जी के पति जयंत मुखर्जी का निधन, लंबे समय से थे बीमार

Back to top button