RAW फाउंडर रामेश्वर नाथ काव पर बनेगी बायोपिक, करण जौहर का बड़ा ऐलान

Karan Johar RN Kao Biopic: भारत की अग्रणी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के संस्थापक और पहले प्रमुख रामेश्वर नाथ काव (आरएन काव) की जासूसी की कहानी जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। जाने-माने फिल्म निर्माता करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर इस भव्य जासूसी थ्रिलर फिल्म की घोषणा की है।

करीब छह साल पहले इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चाएं शुरू हुई थीं, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग चुकी है।

किताब पर आधारित होगी फिल्म

यह फिल्म प्रसिद्ध रक्षा पत्रकार और लेखक नितिन गोखले की चर्चित किताब ‘आरएन काव: सज्जन स्पाईमास्टर’ (RN Kao: Gentleman Spymaster) पर आधारित होगी। धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव के बैनर तले बनने वाली यह फिल्म भारत के सबसे महान गुप्तचरों में शुमार आरएन काव के जीवन और उनके द्वारा रची गई रणनीतियों को दुनिया के सामने लाएगी। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म भारतीय जासूसी इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण कालखंड को सिनेमाई अंदाज में बयां करेगी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Karan Johar (@karanjohar)

जानिए कौन थे भारत के ‘मास्टर स्पाई’

10 मई 1918 को वाराणसी में जन्मे रामेश्वर नाथ काव को भारतीय खुफिया प्रणाली का जनक माना जाता है। 1968 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान देश की बाहरी खुफिया एजेंसी ‘रॉ’ (RAW) का गठन किया गया था और आरएन काव इसके पहले चीफ बने थे।

1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, बांग्लादेश के निर्माण और सिक्किम के भारत में विलय में काव की खुफिया रणनीतियों की बेहद निर्णायक भूमिका रही थी। अपने पूरे करियर में बेहद शांत और प्रचार से दूर रहने वाले काव को भारतीय जासूसी दुनिया का ‘मास्टरमाइंड’ कहा जाता है।

ये भी पढ़े-अमीषा पटेल ने एक्ट्रेसेस के खर्चों पर कसा तंज, कहा- ‘उन्हें स्टारडम का भ्रम है’

स्वतंत्रता दिवस पर होगी रिलीज

धर्मा प्रोडक्शंस ने फिल्म के ऐलान के साथ ही इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है। यह फिल्म 11 अगस्त 2028 को स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक फिल्म के निर्देशक और मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता के नाम से पर्दा नहीं उठाया है।

माना जा रहा है कि इस बड़े बजट के प्रोजेक्ट के लिए बॉलीवुड के किसी शीर्ष ए-लिस्ट स्टार को आरएन काव के किरदार के लिए चुना जाएगा।

ये भी पढ़े-‘शर्ट के बटन खोलो और इनरवियर..’, राधिका आप्टे से मेकर्स ने की अजीब डिमांड

Back to top button