
फिल्म ‘The Vvaan’ कानूनी पचड़े में फंसी, म्यूजिक चुराने का लगा आरोप
The Vvaan: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया की आगामी फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ अपनी रिलीज से ठीक पहले गंभीर कानूनी विवाद में घिर गई है। इंडिपेंडेंट म्यूजिक आर्टिस्ट और सिंगर सरगम वैश ने फिल्म के निर्माताओं पर उनके ओरिजिनल गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ को बिना इजाजत और बिना किसी अनुबंध के इस्तेमाल करने का संगीन आरोप लगाया है।
सिंगर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर सबूत पेश किए हैं और निर्माताओं से तुरंत गाना हटाने तथा कानूनी कार्रवाई झेलने की चेतावनी दी है।
गाना चोरी करने का आरोप
सिंगर सरगम वैश ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो मैसेज और लंबा नोट शेयर कर अपनी आपबीती सुनाई। सरगम ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से अपने एक म्यूजिक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। इसी प्रोजेक्ट के गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ के वोकल्स, मास्टर फाइल और प्रोडक्शन का लगभग 25 सेकेंड का हिस्सा (ट्रेलर में 1 मिनट 8 सेकेंड से 1 मिनट 33 सेकेंड तक) फिल्म ‘द वन’ के आधिकारिक ट्रेलर में हूबहू इस्तेमाल कर लिया गया है।
सिंगर के मुताबिक, उन्होंने निर्माताओं को इसके लिए कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) या मैकेनिकल और सिंक राइट्स नहीं दिए हैं।
ये भी पढ़े-RAW फाउंडर रामेश्वर नाथ काव पर बनेगी बायोपिक, करण जौहर का बड़ा ऐलान
CBFC मेंबर ने भी उठाए सवाल
सिंगर के इस पोस्ट पर ऑस्कर और ग्रैमी विजेता संगीतकार तथा सीबीएफसी (CBFC) के सदस्य रिकी केज ने भी प्रतिक्रिया दी। रिकी केज ने हैरानी जताते हुए पूछा कि जब गाना अभी तक आधिकारिक रूप से रिलीज ही नहीं हुआ था, तो मेकर्स तक इसकी मास्टर रिकॉर्डिंग कैसे पहुंची।
इसके जवाब में सरगम ने आशंका जताई कि यह गाना किसी अन्य प्रोजेक्ट के जरिए मेकर्स तक पहुंचा हो सकता है। फिलहाल सोशल मीडिया यूजर्स सिंगर के समर्थन में उतर आए हैं और बालाजी मोशन पिक्चर्स तथा टीवीएफ (TVF) के निर्माताओं पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाने की सलाह दे रहे हैं।
ये भी पढ़े-अमीषा पटेल ने एक्ट्रेसेस के खर्चों पर कसा तंज, कहा- ‘उन्हें स्टारडम का भ्रम है’
इस दिन रिलीज होनी है फिल्म
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन और अरुनाभ कुमार व एकता कपूर के निर्माण में बनी फिल्म ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा श्वेता तिवारी, मानवी गगरू, मनीष पॉल और अनूप सोनी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
ये भी पढ़े-‘शर्ट के बटन खोलो और इनरवियर..’, राधिका आप्टे से मेकर्स ने की अजीब डिमांड





