चिप्स-नूडल्स से मेयोनीज तक, एक्सपायरी डेट बदलकर बेचने की तैयारी… FDA ने पकड़ा बड़ा रैकेट

FDA: नवी मुंबई में FDA की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की तारीख बदलकर दोबारा बाजार में उतारने की तैयारी का खुलासा; 76 लाख रुपये से ज्यादा का स्टॉक जब्त।

Mumbai: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को नई तारीख के साथ बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे एक रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 76 लाख रुपये से अधिक कीमत का खाद्य स्टॉक जब्त किया है। बरामद सामान में चिप्स, नूडल्स, मेयोनीज समेत कई खाद्य उत्पाद शामिल बताए जा रहे हैं।

पुरानी तारीख मिटाकर लगाई जा रही थी नई डेट
FDA की जांच में सामने आया कि कथित तौर पर मूल पैकेजिंग पर दर्ज मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी। पुराने उत्पादों पर लगी तारीख को मिटाने के बाद वहां नई तारीख प्रिंट की जा रही थी, ताकि एक्सपायर्ड सामान को दोबारा इस्तेमाल योग्य और नया दिखाया जा सके।

इतना ही नहीं, उत्पादों की सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी और अन्य जरूरी विवरणों के ऊपर भी नए स्टिकर लगाए जा रहे थे। इसके जरिए पैकेट की असली जानकारी छिपाकर उन्हें दोबारा बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही थी।

यह भी पढ़ें…

रोजी-रोटी पर संकट! मराठी अनिवार्यता के खिलाफ मुंबई में ऑटो-टैक्सी चालकों की हड़ताल

लाखों रुपये का स्टॉक बरामद
FDA अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में ऐसे खाद्य उत्पाद बरामद किए, जिनकी पैकेजिंग और तारीखों में कथित तौर पर हेरफेर किया गया था। जब्त किए गए स्टॉक की कुल कीमत 76 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, अगर यह सामान बाजार में पहुंच जाता तो उपभोक्ताओं को इसकी असली स्थिति की जानकारी नहीं मिलती और वे अनजाने में एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ खरीद सकते थे।

यह भी पढ़ें…

‘हरे सांप’ को हम मिट्टी में मिला देंगे:राणे

खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल
खाद्य उत्पादों की एक्सपायरी डेट में बदलाव कर उन्हें दोबारा बेचने की कोशिश न सिर्फ उपभोक्ताओं को गुमराह करने का मामला है, बल्कि इससे लोगों की सेहत पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। खासकर मेयोनीज जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर यह मामला और गंभीर हो जाता है।

FDA की कार्रवाई के बाद अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था, इसमें कितने लोग शामिल हैं और बदली हुई तारीख वाले उत्पादों की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें…

अस्पताल के NICU में लगी भीषण आग, नवजात शिशुओं की मौत

Back to top button