लखनऊ में 50 लाख की लागत से बनेगा भव्य गणेश पंडाल, न्यू जर्सी मंदिर की दिखेगी झलक

Ganesh Utsav: झूलेलाल घाट पर 13 हजार वर्गफीट में तैयार हो रहा भव्य पंडाल, एक लाख बांस-बल्लियों से निर्माण; 60 कारीगर एक महीने से जुटे

Lucknow: लखनऊ में गणेश उत्सव को लेकर इस बार भव्य तैयारियां की जा रही हैं। गोमती नदी के तट स्थित झूलेलाल घाट पर 14 से 25 सितंबर तक गणेश उत्सव मनाया जाएगा। इस बार यहां न्यू जर्सी, अमेरिका स्थित स्वामीनारायण मंदिर की थीम पर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। करीब 13 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बन रहे इस पंडाल की ऊंचाई 80 फीट होगी।

पंडाल के निर्माण में करीब एक लाख बांस और बल्लियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके निर्माण पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंडाल का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और इन दिनों मंडप के शिखर को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

एक महीने से जुटे हैं 60 कारीगर
श्री गणेश प्राकट्य कमेटी के उपाध्यक्ष और पार्षद रणजीत सिंह के मुताबिक, पंडाल को पूरी तरह वाटरप्रूफ और वातानुकूलित बनाया जा रहा है, ताकि बारिश के मौसम में भी श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। महिलाओं और पुरुषों के लिए बैठने की अलग-अलग व्यवस्था भी की जाएगी।

पंडाल निर्माण के लिए कोलकाता से करीब 60 कारीगर बुलाए गए हैं। ये कारीगर पिछले एक महीने से लगातार काम कर रहे हैं। पूरे गणेश उत्सव के आयोजन में करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में सीखते-सीखते बेकाबू हुई कार, इवनिंग वॉक पर निकली महिला की मौत

‘मनौतियों के राजा श्री गजानन’ को लिख सकेंगे चिट्ठी
गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। कमेटी अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि भक्त ‘मनौतियों के राजा श्री गजानन’ के नाम अपनी मनोकामना की चिट्ठी लिख सकेंगे। इसके लिए रोज सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

श्रद्धालु सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक भगवान गणेश के दर्शन कर सकेंगे। उत्सव के दौरान सुबह 9 बजे और शाम 6 बजे आरती आयोजित की जाएगी।

यह भी पढ़ें…

गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद 3 बदमाश गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली…

14 सितंबर से शुरू होगा गणेश उत्सव
लखनऊ के झूलेलाल घाट पर गणेश उत्सव 14 सितंबर से शुरू होकर 25 सितंबर तक चलेगा। विशाल पंडाल, विशेष सजावट और धार्मिक आयोजनों के चलते इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें…

सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामला, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

Back to top button