IPL 2027: ऋषभ पंत DC में करेंगे वापसी, कुलदीप होंगे LSG का हिस्सा

Rishabh Pant: आईपीएल 2027 में ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो गई है, जबकि कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलेंगे। जानें इस बड़े ट्रेड की पूरी कहानी।

Rishabh Pant: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2027) के अगले सीजन से पहले क्रिकेट गलियारों से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) में वापसी हो गई है। वहीं, दिल्ली ने स्टार चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को सौंप दिया है। बीसीसीआई (BCCI) ने खुद इस हाई-प्रोफाइल ट्रेड की आधिकारिक पुष्टि की है।

ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की अदला-बदली

2 साल लखनऊ सुपर जाएंट्स का हिस्सा रहने के बाद ऋषभ पंत की एक बार फिर अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो चुकी है। डीसी के साथ उन्होंने 2016 में अपने करियर की शुरुआत की थी। तो वहीं साल 2022 से दिल्ली के लिए खेल रहे कुलदीप यादव लखनऊ के लिए खेलेंगे। आईपीएल 2027 से पहले यह लीग की सबसे बड़ी ट्रेड डील मानी जा सकती है। क्योंकि दोनों ही खिलाड़ी आईपीएल के साथ ही भारतीय क्रिकेट के भी स्टार खिलाड़ियों में से एक हैं।

ऋषभ पंत को हुआ भारी नुकसान

आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था। हालांकि, इस ट्रेड की वजह से पंत को बड़ा वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 15 करोड़ रुपये की वैल्यू पर कुलदीप यादव के साथ ट्रेड किया है, जिससे पंत को सीधे तौर पर 12 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।

दोनों खिलाड़ियों का हालिया प्रदर्शन

इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो कुलदीप ने आईपीएल 2026 में 12 मैच की 11 पारियों में 10 विकेट हासिल किए थे। दूसरी ओर ऋषभ पंत एलएसजी में आने के बाद से ही लय में नजर नहीं आए। आईपीएल 2025 में उन्होंने 13 पारियों में सिर्फ 361 रन बनाए। वहीं साल 2026 में 12 मैचों में सिर्फ 222 रन ही बना सके। 27 करोड़ की कीमत के हिसाब से उनका प्रदर्शन औसत से भी नीचे दर्जे का कहा जा सकता है।

ये भी पढ़े- टीम इंडिया की जर्सी देख भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी, सामने आया इमोशनल वीडियो

देखना दिलचस्प होगा कि अब दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों की किस्मत बदल पाते हैं या नहीं। इस अदला-बदली ने आईपीएल 2027 की तैयारियों के बीच सभी फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स को चौंका दिया है।

Back to top button