
इटली की पीएम मेलोनी ने मोदी को जन्मदिन पर दी बधाई, कहा– भारत-इटली रिश्ते होंगे और मजबूत
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर विश्वभर से शुभकामनाओं का तांता लग रहा है। इसी क्रम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से मोदी को बधाई दी।
उन्होंने न सिर्फ उनके नेतृत्व की सराहना की बल्कि भारत और इटली के रिश्तों को और मजबूत करने की इच्छा भी जताई।
मेलोनी ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ अपनी एक सेल्फी साझा करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शक्ति, उनका दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता प्रेरणा का स्रोत है। मित्रता और सम्मान के साथ, मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य और सदा ऊर्जावान बने रहने की कामना करती हूं ताकि वे भारत को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा सकें और हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ कर सकें।”
हाल ही में हुई थी महत्वपूर्ण वार्ता
गौरतलब है कि हाल ही में पीएम मोदी और मेलोनी के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई थी, जिसमें दोनों नेताओं ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी। इस दौरान व्यापारिक रिश्तों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने और यूक्रेन संकट के शीघ्र समाधान में सहयोग बढ़ाने की बात भी हुई।
यह भी पढ़ें…
संघर्ष से सत्ता तक… फिल्मों और वेब सीरीज़ में दिखी नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा
मोदी ने जताया था आभार
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा था, “प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और यूक्रेन युद्ध को जल्द समाप्त करने की अपनी साझा इच्छा व्यक्त की। भारत-ईयू व्यापार समझौते का समर्थन करने और आईएमईईसी पहल के माध्यम से कनेक्टिविटी बढ़ाने में इटली के सक्रिय सहयोग के लिए पीएम मेलोनी का धन्यवाद।”
यह भी पढ़ें…
ITR Filing: डेडलाइन खत्म, अब ई-वेरिफिकेशन पर करदाताओं की चिंता
भारत-ईयू व्यापार समझौता और IMEC पहल
भारत और यूरोपीय संघ के बीच लगभग आठ वर्षों के अंतराल के बाद जून 2022 में व्यापार वार्ता फिर से शुरू की गई थी। वहीं, इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) पहल को 2023 में दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में अंतिम रूप दिया गया। इस पहल का उद्देश्य भारत, यूरोप और खाड़ी देशों के बीच कनेक्टिविटी और व्यापार को मजबूत करना है, जिसमें इटली की भूमिका अहम मानी जा रही है।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर मेलोनी का यह संदेश न केवल व्यक्तिगत शुभकामना है, बल्कि भारत-इटली संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत भी है।
यह भी पढ़ें…





