
UP News: जर्जर रास्तों से परेशान युवक बना ‘शोले’ का वीरू, कहा- सड़क नहीं तो…!
Lucknow News: लखनऊ के दुबग्गा (टांड़ खेड़ा) में जर्जर सड़कों से परेशान पूर्व BDC राजू यादव पानी की टंकी पर चढ़ गए। जानिए प्रशासन ने कैसे संभाला यह हाई-वोल्टेज ड्रामा।
Lucknow News: लगता है अब विकास की फाइलें जमीन पर नहीं, बल्कि ऊंचाई पर जाकर ही दिखाई देती हैं। जब अपनी जायज मांगों के लिए जनता को जान जोखिम में डालनी पड़े, तो सवाल सिर्फ टूटी सड़क का नहीं, बल्कि हमारी टूटी व्यवस्था का भी है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला राजधानी लखनऊ से सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
लखनऊ के दुबग्गा स्थित टांड़ खेड़ा गांव में सड़कों की बदहाली से परेशान पूर्व बीडीसी (BDC) राजू यादव गुस्से में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। उनका आरोप है कि गांव की सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें कीं, लेकिन हर बार उनकी मांग को अनसुना कर दिया गया।
“कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो सड़क बनाई गई और न ही किसी अधिकारी ने हमारी सुध ली। आखिर कब तक ग्रामीण इस बदहाली को झेलते रहेंगे?” राजू यादव (पूर्व बीडीसी)
ये भी पढ़े- UP News: ‘बदले की भावना से दर्ज हुआ रेप केस’—इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
मौके पर मचा हड़कंप
राजू यादव के पानी की टंकी पर चढ़ते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, अधिकारियों ने राजू यादव को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर सुरक्षित नीचे उतारा।
ये भी पढ़े- UP News: अंधविश्वास ने फिर ली जान…, बुखार का इलाज कर रहे मौलवी की खौफनाक करतूत
व्यवस्था पर बड़े सवाल
यह घटना सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है। ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता को इस तरह के कदम उठाने पड़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उम्मीद है कि इस बार प्रशासन की नज़र सिर्फ पानी की टंकी पर नहीं, बल्कि गांव की उन टूटी सड़कों पर भी पड़ेगी, जिससे रोज़ाना सैकड़ों लोग परेशान होते हैं।
ये भी पढ़े- Neeraj Singh ने अग्निकांड पीड़ितों का जाना हाल, हरसंभव मदद का दिया भरोसा…





