
Lucknow: इकाना स्टेडियम और प्लासियो मॉल तक पहुंचा गोमती का पानी, IIIT बंद और परीक्षाएं रद्द
Lucknow Flood: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी (Gomti River) का जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। नदी का पानी अब शहर के पॉश इलाकों और प्रमुख कमर्शियल स्थलों तक पहुंच गया है।
गोमती के उफान के कारण मशहूर फीनिक्स प्लासियो मॉल (Palacio Mall), इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Ikana Stadium) के आसपास का इलाका और IIIT लखनऊ का परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं।
इकाना और प्लासियो मॉल के पास भरा पानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोमती नदी का पानी फैलने से इकाना स्टेडियम की ज़ीरो नंबर पार्किंग और वहां से प्लासियो मॉल की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही काफी धीमी हो गई है और ट्रैफिक पुलिस लगातार यातायात को नियंत्रित करने में जुटी है।
प्रशासन ने लोगों को इस रूट पर सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से न आने की सलाह दी है। निचले इलाकों में पानी घुसने के कारण हजारों आम नागरिक प्रभावित हुए हैं।
ये भी पढ़े-स्वास्थ्यकर्मियों का लखनऊ में धरना जारी, कैडर और सेवा शर्तों में सुधार की मांग पर अड़े
IIIT लखनऊ का कैंपस बंद
बढ़ते जलस्तर और सुरक्षा कारणों को देखते हुए IIIT लखनऊ परिसर को बंद करना पड़ा है। संस्थान के अंदर पानी भर जाने के कारण आगामी परीक्षाओं को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। कैंपस के हॉस्टल में रहने वाले सैंकड़ों छात्र-छात्राओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है, जबकि कई छात्र अपने घर वापस लौट गए हैं।
जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री, भोजन के पैकेट और पेयजल वितरित कर रही हैं, तथा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए नौकाओं का संचालन किया जा रहा है।
ये भी पढ़े-Indigo की जिस फ्लाइट पर गिरी बिजली उस पर सवार थे VHRP के गोपाल राय





