Maharashtra: नहीं रहे महाराष्ट्र के पूर्व सीएम मनोहर जोशी, पीएम मोदी का भावूक पोस्ट

Manohar Joshi: पूर्व सीएम मनोहर जोशी महाराष्ट्र की राजनीति में बहुत अहम स्थान रखते हैं। लगभग पांच दशकों तक वे राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। वे लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बुधवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

image credit-social media

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन हो गया है। 86 वर्ष की उम्र में उन्होने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। एक दिन पहले ही उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उन्हें आईसीयू में रखा गया था और उनकी हालत गंभीर थी। सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। मनोहर जोशी के बेटे उमेश ने बताया कि जोशी का दाह संस्कार शिवाजी पार्क श्मशान घाट में होगा। उससे पहले अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरार उनके माटुंगा स्थित घर पर रखा जाएगा।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ‘महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी को 21 फरवरी 2024 को पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में आईसीयू में रखा गया था और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही थीं।’

पिछले साल भी हुए थे भर्ती

शिवसेना के दिग्गज नेताओं में शुमार 86 वर्षीय मनोहर जोशी को पिछले वर्ष मई में मस्तिष्काघात के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जोशी वर्ष 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे और वह अविभाजित शिवसेना की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे।


वह एक अनुभवी नेता थे – प्रधानमंत्री मोदी

पीएम मोदी ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा है कि ‘श्री मनोहर जोशी जी के निधन से दुख हुआ। वह एक अनुभवी नेता थे जिन्होंने सार्वजनिक सेवा में वर्षों बिताए और नगरपालिका, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियाँ निभाईं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया। लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने हमारी संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक जीवंत और सहभागी बनाने का प्रयास किया। मनोहर जोशी जी को एक विधायक के रूप में उनकी कर्मठता के लिए भी याद किया जाएगा, उन्हें चारों विधानमंडलों में सेवा करने का गौरव प्राप्त हुआ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना. शांति।’

ऐसा रहा है उनका राजनीतिक सफर…

मनोहर जोशी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1970 के दशक में की थी। उन्होंने1967 में राजनीति में प्रवेश किया और 40 सालों से ज्यादा समय तक शिवसेना से जुड़े रहे। मनोहर जोशी साल 2006 से 2012 तक वह राज्यसभा के सदस्य रहे।  वह शिवसेना से विधान परिषद के लिए निर्वाचित होने के बाद 1976 से 1977 तक वह मुंबई के मेयर भी रहे। उन्होंने 1990-91 के दौरान महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में भी कार्य किया। 1999 के आम चुनावों में, उन्होंने शिवसेना के टिकट पर मुंबई उत्तर-मध्य लोकसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी।

साल 1995 से 1999 तक वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। मनोहर जोशी अविभाजित शिवसेना की तरफ से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे। सांसद के तौर पर भी उन्होंने अपनी सेवाएं दी है। साल 2002 से 2004 तक वह केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में लोकसभा अध्यक्ष भी रहे।

Back to top button