‘बाहर मिलो, जिंदा गाड़ देंगे’, सुभासपा प्रवक्ता के ऑफिस में घुसकर धमकी…

लाइव डिबेट के बीच कार्यालय में घुसकर हंगामा और गाली-गलौज का आरोप, सुभासपा प्रवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

Lucknow: राजधानी लखनऊ के वृंदावन योजना स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग कुमार ओझा के कार्यालय में दो लोगों के घुसकर हंगामा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, जब कार्यालय में एक टीवी चैनल की लाइव डिबेट चल रही थी। मामले में पीजीआई पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लाइव डिबेट के दौरान कार्यालय में घुसने का आरोप
अनुराग कुमार ओझा का आरोप है कि सत्य प्रकाश पांडेय और गंगाधर मिश्रा नाम के दो व्यक्ति राजनीतिक द्वेष के चलते उनके कार्यालय में जबरन घुस आए। दोनों ने प्रसारण कक्ष में जाने की कोशिश की। कार्यालय कर्मचारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज और हंगामा शुरू हो गया।

शोर सुनकर अनुराग कुमार ओझा भी कार्यालय से बाहर आए। आरोप है कि इस दौरान दोनों लोगों ने उनके साथ भी अभद्रता की और उन्हें धमकी दी।

यह भी पढ़ें…

‘प्रेमानंद महाराज के आश्रम जा रही हूं’, कहकर घर से निकली महिला हो गई लापता

‘बाहर मिलो, वहीं जिंदा गाड़ देंगे’
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने ओझा को कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, ‘बहुत बड़े नेता बनते हो, बाहर मिलो, वहीं जिंदा गाड़ देंगे।’ इस घटना के बाद कार्यालय में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ओझा का यह भी आरोप है कि दोनों व्यक्ति पहले भी उन पर हमला करने की कोशिश कर चुके हैं। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें…

UP में 4.60 लाख छात्रों को योगी सरकार का तोहफा, आज खातों में पहुंचेंगे ₹148 करोड़

PGI पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले की शिकायत मिलने के बाद पीजीआई थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल, यह मामला राजनीतिक विवाद के बीच कार्यालय में कथित घुसपैठ, अभद्रता और धमकी से जुड़ा है। पुलिस की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें…

Lucknow News: गोमती का जलस्तर बढ़ने से रिवर फ्रंट डूबा, एंट्री गेटों पर लगा ताला

Back to top button