
PM मोदी का तीन दिवसीय गुजरात दौरा… सोमनाथ और राजकोट में कई कार्यक्रम
PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम को गुजरात के दौरे पर पहुंचेंगे। 10 से 12 जनवरी के बीच प्रधानमंत्री राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरे की शुरुआत गिर-सोमनाथ जिले से होगी, जहां प्रधानमंत्री ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में विशेष कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सोमनाथ मंदिर में ओंकार मंत्र जाप और ड्रोन शो
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम गिर-सोमनाथ जिले में पहुंचेंगे। रात करीब 8 बजे वह सोमनाथ मंदिर में आयोजित ओंकार मंत्र के सामूहिक जाप में शामिल होंगे। इसके बाद सोमनाथ मंदिर परिसर में आयोजित भव्य ड्रोन शो का भी अवलोकन करेंगे। इस आयोजन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शौर्य यात्रा और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में सहभागिता
अगले दिन रविवार सुबह करीब 9:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी शौर्य यात्रा में भाग लेंगे। इसके बाद सुबह लगभग 10:15 बजे वह सोमनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।
सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर आयोजित एक विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे जनसभा को संबोधित भी कर सकते हैं। यह कार्यक्रम क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को समर्पित है।
यह भी पढ़ें…
प्रवासी भारतीय दिवस: विदेश में बसे भारतीयों के योगदान से भारत मजबूत
राजकोट में वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन
सोमनाथ के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मोदी राजकोट के लिए रवाना होंगे। दोपहर लगभग 1:30 बजे प्रधानमंत्री कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन में निवेश, उद्योग, बुनियादी ढांचे और रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें…
ED रेड की Inside Story… ममता बनर्जी और DGP पर लगे गंभीर आरोप
सुरक्षा और तैयारियां पूरी
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर गुजरात प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। सोमनाथ और राजकोट समेत सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह गुजरात दौरा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और विकास के संदेश को एक साथ जोड़ने वाला माना जा रहा है। दौरे के दौरान उनके कार्यक्रमों पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें…





