‘सर नौकरी चाहिए’… डिप्टी CM के आवास पहुंचे लाइब्रेरियन अभ्यर्थी, भर्ती निकालने की मांग

Lucknow: लखनऊ में मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास का घेराव किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने सरकार से लाइब्रेरियन के पदों पर जल्द भर्ती निकालने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कई युवाओं ने डिप्टी सीएम के सामने हाथ जोड़कर नौकरी की गुहार लगाई। कुछ अभ्यर्थियों ने उनके पैर भी छुए और कहा, ‘सर, नौकरी चाहिए।’

अभ्यर्थियों से मिलने के लिए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक खुद आवास से बाहर आए। उन्होंने युवाओं की समस्याएं सुनीं और उनकी मांग पर जल्द समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के अध्यक्ष से फोन पर बात की और अभ्यर्थियों की मांग पर समाधान निकालने के निर्देश दिए।

2016 के बाद से भर्ती नहीं होने का दावा
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर कोई बड़ी भर्ती नहीं हुई है। लंबे समय से भर्ती नहीं निकलने के कारण लाइब्रेरी साइंस की डिग्री हासिल कर चुके हजारों युवा सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर लाइब्रेरी साइंस की निर्धारित योग्यता नहीं रखने वाले लोगों से लाइब्रेरी संबंधी काम कराया जा रहा है। वहीं, संबंधित विषय की डिग्री और योग्यता रखने वाले युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

अयोध्या में कंप्यूटर बाबा ने किया आंदोलन का ऐलान

UPSSSC कार्यालय के बाहर भी कर चुके हैं प्रदर्शन
लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थी इससे पहले भी UPSSSC मुख्यालय के बाहर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। उनका कहना है कि आयोग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से प्रदेश के योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सकता है।

अभ्यर्थियों ने मांग की कि PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के रिक्त पदों पर नई भर्ती निकाली जाए। उनका तर्क है कि PET के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में तीन नए उप-डाकघरों का उद्घाटन, एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये सुविधाएं

भर्ती से युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लाइब्रेरियन के पदों पर नियमित भर्ती होने से न केवल बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा, बल्कि लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को भी भविष्य में रोजगार की उम्मीद बढ़ेगी।

अभ्यर्थियों ने सरकार और UPSSSC से जल्द भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की है। डिप्टी सीएम की ओर से UPSSSC अध्यक्ष से बातचीत किए जाने के बाद प्रदर्शनकारी युवाओं को अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें…

भेड़ों के बाड़े में घुसा तेंदुआ, 88 की मौत, 13 घायल

Back to top button