Asian Games से पहले टीम इंडिया के साथ गड़बड़ी, जर्सी और किट को लेकर फंसा पेंच

Asian Games 2026: जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए रवाना होने से ठीक पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सामने किट को लेकर एक अजीबोगरीब समस्या खड़ी हो गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को सही साइज की जर्सी और किट समय पर नहीं मिल सकी।

हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के किट सप्लायर के बीच तुरंत बातचीत हुई और ज्यादातर खिलाड़ियों की समस्या का समय रहते समाधान निकाल लिया गया।

किट सप्लायर और अधिकारियों के बीच बातचीत

रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय दल के रविवार तड़के नई दिल्ली से जापान रवाना होने से पहले ही खिलाड़ियों के कपड़ों की नाप को लेकर यह गड़बड़ी सामने आई। भारतीय खिलाड़ियों को इस दौरे पर दो अलग-अलग तरह की किट पहननी है एक 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले टी20 मैच के लिए नियमित जर्सी और दूसरी 28 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों की आधिकारिक पोशाक।

IOA सूत्रों ने स्पष्ट किया कि दो अलग-अलग तरह की किट की आवश्यकता होने के कारण साइज में अंतर की समस्या आई थी, जिसे काफी हद तक दुरुस्त कर लिया गया है।

रहने की खराब व्यवस्था

जर्सी विवाद के अलावा खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर भी जापान के नागोया में व्यवस्थाएं काफी लचर नजर आईं। एशियन गेम्स में इस बार कोई पारंपरिक एथलीट विलेज नहीं बनाया गया है और खिलाड़ियों को क्रूज शिप, होटलों व कंटेनरों में ठहराया जा रहा है।

आयोजकों द्वारा पुरुष टीम को मुहैया कराए गए कमरों का आकार इतना छोटा था कि उसमें खिलाड़ियों के किट बैग रखने तक की पर्याप्त जगह नहीं थी। इसे देखते हुए बीसीसीआई ने तुरंत हस्तक्षेप किया और टीम के वहां पहुंचने से पहले अपने स्तर पर अलग होटल का प्रबंध किया।

ये भी पढ़े-Asian Games 2026: भारतीय महिला टीम की धमाकेदार जीत, जापान को रौंदकर पहुंची सेमीफाइनल में

महिला टीम को कोई परेशानी नहीं

पुरुष टीम के विपरीत, एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम के रहने की व्यवस्था में कोई गड़बड़ी नहीं आई। महिला टीम IOA द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक आवास में ही रुकी हुई है। मैदान पर सुविधाओं और लॉजिस्टिक्स की कमियों के बीच भारतीय क्रिकेट टीम का लक्ष्य इन सभी बाधाओं से इतर एशियाई खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना होगा।

ये भी पढ़े-लखनऊ में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, पहली बार होगी वुमेन्स प्रीमियर लीग

Back to top button