सपा का 2027 प्लान तैयार! अखिलेश बोले- हर जिले के मुद्दों पर बनेगा घोषणा पत्र

Akhilesh Yadav PC: UP Election 2027 की तैयारियों के बीच अखिलेश यादव ने कहा- सपा प्रदेश के साथ हर जिले के स्थानीय मुद्दों को शामिल कर बनाएगी घोषणा पत्र, भाजपा सरकार पर पार्टी के कार्यक्रम रोकने का लगाया आरोप।

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पार्टी आगामी चुनाव के लिए प्रदेश स्तर के साथ-साथ जिलावार घोषणा पत्र भी तैयार करेगी। इसमें हर जिले के स्थानीय मुद्दों और जनता से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र पूरे प्रदेश के लिए तो होगा ही, साथ ही प्रत्येक जिले की जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग मुद्दों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान को चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाया जाएगा।

सपा के कार्यक्रमों को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों को अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने बुलंदशहर में सपा के एक कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि सावन के दौरान कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसके लिए अधिकारियों की ओर से मैदान की अनुमति को लेकर कई बार आश्वासन दिया गया।

उन्होंने बताया कि बाद में सावन का महीना होने के कारण कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का सुझाव दिया गया। सपा ने कार्यक्रम की तारीख आगे कर दी, लेकिन इसके बावजूद अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन में पानी भरे होने की बात कही गई।

‘मैंने समझा काली नदी की बाढ़ आ गई’
पुलिस लाइन में पानी भरे होने की बात पर अखिलेश यादव ने प्रशासन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि शायद काली नदी में बाढ़ आ गई होगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन का वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि वहां पानी नहीं था।

सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों से परेशान क्यों है। उन्होंने कहा, “हमने इससे खराब सरकार नहीं देखी।”

‘सही खबर चलाने पर रिपोर्ट दर्ज हो रही’
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सही खबर चलाने पर भी रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों में जाने पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि मौजूदा भाजपा सरकार जाने वाली है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इसी संकल्प के साथ आगामी यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें…

UP की महिलाओं को CM योगी का बंपर तोहफा, मिलेंगे एक-एक लाख रुपए

आकाश आनंद के सवाल पर बोले- ‘नाराज फूफा कौन है?’
मीडिया बातचीत के दौरान अखिलेश यादव से आकाश आनंद से जुड़े मामले पर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम लेने से बचते हुए कहा, “अंकल का मतलब फूफा भी होता है तो नाराज फूफा कौन है?”

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने इस मुद्दे पर विस्तार से कोई टिप्पणी नहीं की।

यह भी पढ़ें…

‘पत्रकार पर FIR किलिंग द मैसेंजर जैसी कार्रवाई’, हाई कोर्ट ने लगाई रोक

जिलों के मुद्दों पर रहेगा सपा का फोकस
यूपी चुनाव 2027 के लिए जिलावार घोषणा पत्र बनाने का ऐलान सपा की चुनावी रणनीति में स्थानीय मुद्दों की अहमियत को दिखाता है। पार्टी की कोशिश प्रदेश के बड़े मुद्दों के साथ-साथ जिले स्तर की समस्याओं को भी चुनावी एजेंडे में शामिल करने की है।

अखिलेश यादव के ताजा बयान से संकेत मिल रहा है कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक समस्याओं और जनता से जुड़े सवालों को प्रमुखता देने की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें…

UP में 42 लाख बिजली उपभोक्ताओं ने लगाया करोड़ों का चूना

Back to top button