बहराइच में दर्दनाक नाव दुर्घटना, मुख्यमंत्री योगी ने बचाव कार्य तेज करने के दिए निर्देश

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक नाव हादसा हो गया। यह हादसा सुजौली थाना क्षेत्र के भरथापुर गांव के पास हुआ, जहां तेज बहाव के कारण नाव नदी में बह रही लकड़ी से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, नाव में गांव के करीब 22 लोग सवार थे, जो बाजार से लौट रहे थे। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। देर रात तक चले बचाव अभियान में 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कई लोग अभी भी लापता हैं।

तेज बहाव बना हादसे की वजह
आईजी (देवीपाटन रेंज) अमित पाठक ने बताया कि भरथापुर गांव के पास दो नदियां साथ-साथ बहती हैं। तेज धार के कारण नाव एक लकड़ी से टकराई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया गया।

बचाव में जुटी टीमें
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस प्रशासन की कई टीमें गुरुवार सुबह से ही फिर से लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। रात भर चले सर्च ऑपरेशन में लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका था, जिसके बाद सुबह एक बार फिर से अभियान शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें…

मुस्लिम समाज से मायावती ने की समर्थन की अपील, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। देर रात देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल और आईजी अमित पाठक घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।

आईजी अमित पाठक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात करते हुए कहा कि “प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा। लापता लोगों की तलाश में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।”

यह भी पढ़ें…

गन्ना किसानों को योगी सरकार का तोहफा, 30 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ा गन्ना मूल्य

गांव में पसरा सन्नाटा
भरथापुर गांव में इस हादसे के बाद शोक और दहशत का माहौल है। मृतक महिला के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं अन्य परिवार अपने लापता सदस्यों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

‘आत्माओं से खतरा… मारो या मर जाओ’, हैरान कर देगा कानपुर का ये सुसाइड केस

Back to top button