
Ayodhya News: राम मंदिर जाने से पहले अजय राय गिरफ्तार! होटल से उठा ले गई पुलिस
Ayodhya News: अयोध्या में रामलला के दर्शन से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने होटल से हिरासत में लिया। अजय राय ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है।
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने का ऐलान करने वाले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने सोमवार देर रात होटल से हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है, वहीं अजय राय की पत्नी ने भी उनकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है।
देर रात होटल पहुंची पुलिस
अजय राय सोमवार रात को ही अयोध्या पहुंच गए थे और वहां के ‘श्री पैलेस होटल’ में ठहरे थे। इसी दौरान भारी संख्या में पुलिस बल होटल पहुंचा। शुरुआत में उन्हें हाउस अरेस्ट (नजरबंद) करने की बात सामने आई, लेकिन बाद में अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर खुद अपनी गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस उन्हें जीप में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रही है।
सरकार पर बरसे अजय राय
गिरफ्तारी के बाद अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा “भाजपा सरकार की तानाशाही चरम पर है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन के लिए जाने वाला था। मैं अयोध्या पहुंचा ही था कि भाजपा सरकार इतनी डर गई कि पुलिस मुझे होटल से गिरफ़्तार कर अपनी जीप में बैठाकर ले जा रही है। प्रभु के नाम पर दुकान चलाने वालों, आस्था पर पहरा देने की यह कायरतापूर्ण कोशिश निंदनीय है। हम न रुकेंगे, न झुकेंगे!”
ये भी पढ़े- UP News: यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, बस-ट्रेलर की टक्कर में 4 की मौत; 25 घायल
कई कांग्रेसी नेता भी नजरबंद
अजय राय की पत्नी रीना राय ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि उनके पति की आवाज को दबाने के लिए सरकार किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि सहयोगियों को गलत जानकारी देकर भटकाया जा रहा है और अगर उनके पति को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
ये भी पढ़े- Lucknow: बिजली कटौती पर फूटा लोगों का गुस्सा, JE को 13 KM तक दौड़ाया
दूसरी ओर, अयोध्या में कांग्रेसियों के बड़े जमावड़े को रोकने के लिए पुलिस ने प्रतापगढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज त्रिपाठी समेत पड़ोसी जिलों के कई अन्य दिग्गज नेताओं को भी उनके घरों में नजरबंद कर दिया है। कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि क्या अब यूपी में भगवान राम के दर्शन करना भी अपराध हो गया है?
ये भी पढ़े- UP News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SC का तुरंत सुनवाई से इनकार, कहा- जल्दबाजी क्यों?





