
UP News: हुक्का बार की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, इंस्टाग्राम से फंसाते थे लड़कियां
UP News: गोरखपुर में पुलिस ने हुक्का बार और देह व्यापार नेटवर्क से जुड़े गैंगस्टर अनिरुद्ध ओझा उर्फ सोखा की 18 लाख रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क कर ली है।
UP News: उत्तर प्रदेश की गोरखपुर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। शहर में हुक्का बार की आड़ में चल रहे देह व्यापार (Prostitution Racket) के बड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने चौतरफा कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) के आदेश पर गिरोह के सक्रिय सदस्य और गैंगस्टर अनिरुद्ध ओझा उर्फ सोखा की करीब 18 लाख रुपये की अवैध चल-अचल संपत्ति को कुर्क (Seized) कर लिया है।
इंस्टाग्राम से नाबालिग लड़कियों को जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल कर धंधा करवाया जाता था।
मकान पर लगा सरकारी ताला
रामगढ़ताल पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि आरोपी अनिरुद्ध ओझा उर्फ सोखा हुक्का बार और सेक्स रैकेट चलाने वाले इस गिरोह का एक मुख्य और सक्रिय सदस्य है। गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार इसकी अवैध संपत्तियों को खंगाल रही थी।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद पुलिस टीम ने झंगहा थाना क्षेत्र के जोलहाबारी गांव में स्थित अनिरुद्ध ओझा के चार कमरों वाले मकान को पूरी तरह से कुर्क कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
होटल मालिक की संपत्ति जब्त
गोरखपुर पुलिस इस पूरे गिरोह की कमर तोड़ने के लिए लगातार उनकी आर्थिक रीढ़ पर वार कर रही है। इससे पहले, पुलिस ने गीता वाटिका के पास स्थित ‘फ्लाई इन होटल-2’ के मालिक अनुराग सिंह पर शिकंजा कसा था। पुलिस ने अनुराग सिंह की करीब 6 करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही जब्त कर ली है।
ये भी पढ़े- Lucknow News: IND vs AFG मैच और मोहर्रम जुलूस को लेकर रूट डायवर्जन, पढ़ें पूरी लिस्ट
पूरा मामला क्या है?
जनवरी 2025 में पुलिस ने इस होटल और हुक्का बार में छापेमारी की थी, जहां से एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था। इस मामले में तीन नाबालिग लड़कियों ने गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी, जिसमें अनिरुद्ध ओझा को गैंग लीडर बनाया गया था।
आरोपी लड़कियों को फंसाकर उन्हें नशे की लत लगाते और फिर उनका शोषण करते थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से 70 से ज्यादा लड़कियों की तस्वीरें बरामद की हैं।
एसपी सिटी (SP City) के मुताबिक, इस गिरोह में शामिल कुल 14 आरोपियों के आर्थिक लेन-देन और अवैध तरीके से अर्जित की गई चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। आने वाले दिनों में गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी इसी तरह की बड़ी कुर्की की कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़े- Lucknow News: राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप, ऐशबाग में रोकी गई ट्रेन





