UP News: ‘यह मजदूर का हाथ है कातिया…’ कलेक्ट्रेट में कुल्हाड़ी लेकर घुसा फरियादी

यूपी के लखीमपुर खीरी में एक शख्स हाथ में कुल्हाड़ी लेकर डीएम दफ्तर पहुंच गया। फिल्म 'घातक' के स्टाइल में उसने अधिकारियों को चेतावनी दी, जिसका वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है।

UP News: ‘उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिला कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक शख्स एक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर सीधे जिलाधिकारी (DM) दफ्तर के बाहर पहुंच गया।

सिंगाही थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी राम सिंह नाम के इस शख्स ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए और सनी देओल की मशहूर फिल्म ‘घातक’ का डायलॉग बोलते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

‘भ्रष्टाचार के खिलाफ उठा कुल्हाड़ा’

कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में राम सिंह हाथ में कुल्हाड़ी लहराते हुए बोलता दिख रहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी न किसी को तो भगत सिंह बनना पड़ेगा। राम सिंह ने कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ आज मेरा यह कुल्हाड़ा उठा है। मैं पंक्चर जोड़ने का काम करता हूं और खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज मानता हूं। ‘यह मजदूर का हाथ है कातिया…’ मुझमें अच्छे-अच्छे अधिकारियों की सर्विस करने का दम है।

जमीनी विवाद और पड़ोसियों के गंभीर आरोप

वीडियो वायरल होने के बाद जब स्थानीय पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो कहानी का दूसरा पहलू भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा विवाद राम सिंह और उसके पड़ोसियों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है।

वीडियो सामने आने के बाद राम सिंह के पड़ोसियों ने उस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पड़ोसी पैकरमा और उनकी पत्नी सुंदरी ने आरोप लगाया कि राम सिंह ने उनकी दुकान के सामने बड़ा गड्ढा खोद रखा है और नाली का पानी तक नहीं निकलने देता।

ये भी पढ़े- UP News: ‘नालायक अधिकारी, पहले इस्तीफा दो…’, किस बात पर भड़कीं BJP MLA केतकी सिंह

महिला का कहना है कि जब भी वे या उनकी दुकान पर आने वाले ग्राहक विरोध करते हैं, तो राम सिंह उनके साथ बेहद गंदी-गंदी गालियां देकर अभद्रता करता है और प्रताड़ित करता है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा चूक को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ये भी पढ़े- धर्मांतरण के आरोप से गरमाया लखनऊ, तमिलनाडु से आए 5 लोगों से पूछताछ में जुटी पुलिस

Back to top button