फलाहारी महाराज के दावे पर भड़के विराट कोहली, टीम ने जारी कर दिया बयान

Virat Kohli Reaction: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा द्वारा वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने को लेकर दिए गए एक विवादित बयान पर बड़ा भूचाल आ गया है।

श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज (दिनेश शर्मा) ने दावा किया था कि विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये देकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए बुलाया गया था ताकि आश्रम को प्रसिद्ध किया जा सके। अब इस गंभीर आरोप पर खुद विराट कोहली की तरफ से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ गई है।

विराट ने वायरल दावे का किया खंडन

विराट कोहली के प्रवक्ता और मैनेजमेंट टीम ने फलाहारी महाराज के इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से झूठा और भ्रामक करार दिया है। आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा गया, “हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली के बारे में किए गए दावे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं। विराट कोहली केवल प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण ही उनसे मिलने जाते हैं।”

प्रेमानंद महाराज को लेकर फलाहारी बाबा के दावों पर विराट कोहली का पहला बयान, क्या कहा?

मीडिया से जिम्मेदारी बरतने की अपील

विराट कोहली की टीम ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मनगढ़ंत और झूठे दावों का वे पुरजोर खंडन करते हैं। साथ ही मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स से आग्रह किया गया है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के ऐसी संवेदनशील और भ्रामक बातों को आगे न बढ़ाएं, क्योंकि इससे किसी की व्यक्तिगत आस्था और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है।

फलाहारी महाराज ने किया था दावा

दरअसल, सोशल मीडिया पर हाल के दिनों में एक दावा वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने कथित तौर पर विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम तक लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह दावा फलाहारी महाराज के नाम से मशहूर दिनेश शर्मा ने किया था।

दावे के मुताबिक, जनवरी 2023 में विराट कोहली की प्रेमानंद महाराज से पहली मुलाकात के दौरान एक प्रॉपर्टी बिल्डर लॉबी और राजस्थान की एक निजी कंपनी ने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। आरोप में यह भी कहा गया कि इसके पीछे उद्देश्य प्रेमानंद महाराज के प्रचार और लोकप्रियता को बढ़ाना था।

गौरतलब है कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा अक्सर प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन जाते रहते हैं। दोनों की महाराज के साथ मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं।

Back to top button