
Lucknow: छह लाख की सुपारी और सिपाही प्रेमी, पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी गिरफ्तार
Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के अलीगंज थाना क्षेत्र में करीब 20 दिन पहले अनुराग शुक्ला पर हुई जानलेवा फायरिंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह हमला किसी पुरानी रंजिश के चलते नहीं, बल्कि अवैध संबंधों में बाधा बनने पर पति को रास्ते से हटाने की साजिश का हिस्सा था।
DCP उत्तरी की स्वाट व सर्विलांस टीम और अलीगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य साजिशकर्ता पत्नी आशी मिश्रा और उसके प्रेमी नितिन राणा समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नितिन राणा उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल है। लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात रहा है।
लाइब्रेरी से शुरू हुई प्रेम कहानी
पुलिस जांच में सामने आया है कि कांस्टेबल नितिन राणा और आशी मिश्रा के बीच वर्ष 2022 से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों की पहली मुलाकात लखनऊ के निरालानगर स्थित मां पब्लिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। इसी बीच वर्ष 2025 में आशी मिश्रा का विवाह अनुराग शुक्ला के साथ हो गया, लेकिन शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क जारी रहीं। पुलिस के मुताबिक, नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था ताकि दोनों आसानी से बातचीत कर सकें।
अनुराग को रास्ते से हटाने के लिए आशी ने नितिन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके लिए छह लाख रुपये में सुपारी तय की गई और नितिन ने शूटरों को हायर किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी 26 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचे और अनुराग की गतिविधियों तथा आने-जाने के रास्तों की रेकी की।
मेरठ से चार आरोपी पकड़े गए
योजना के तहत 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र में पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक अनुराग शुक्ला पर गोली चलाई गई। गनीमत रही कि गोली अनुराग के दाहिने हाथ में लगी और उनकी जान बच गई। अनुराग की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर मामला खुलता चला गया।
पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और कांस्टेबल नितिन राणा को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य साजिशकर्ता आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,360 रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि वारदात में प्रयुक्त तमंचे को रास्ते में फेंकने की बात सामने आई है।
मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी मनोज राजपूत की तलाश की जा रही है, वहीं डीसीपी उत्तरी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।





