
कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, एक पायलट की मौत; गंगा बैराज के पास हादसा
Kanpur Plane Crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। कानपुर में गंगा बैराज के पास स्थित नत्थूपुरवा गांव के पास एक निजी फ्लाइंग एकेडमी का प्रशिक्षण विमान (Trainee Aircraft) अचानक अनियंत्रित होकर एक खुले खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे की चपेट में आने से विमान में सवार पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सह-पायलट (ट्रेनी पायलट) गंभीर रूप से घायल हो गया।
अनियंत्रित होकर खेत में गिरा विमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान गर्ग एविएशन (Garg Aviation) कंपनी का चार-सीटर/ट्विन-इंजन प्रशिक्षण विमान था। गुरुवार को जब विमान अपनी नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था, तभी गंगा बैराज और नत्थूपुरवा गांव के समीप अचानक उसमें तकनीकी खराबी आ गई और विमान ने अपना संतुलन खो दिया।
देखते ही देखते विमान तेज आवाज के साथ जमीन पर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में तब्दील हो गया।
ये भी पढ़े- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम के बाहर बरसाईं 20 गोलियां
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। मलबे में फंसे दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक मुख्य पायलट दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल सह-पायलट को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हादसे के कारणों (तकनीकी खराबी या मौसम) की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़े- BSA का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूलों को बदनाम करने वालों पर होगी FIR





