सुल्तानपुर में डबल मर्डर से सनसनी, शिक्षक पति-पत्नी की धारदार हथियार से हत्या

Sultanpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में मोतिगरपुर ब्लॉक प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष व प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई।

दोनों के शव उनके निजी स्कूल परिसर में खून से लथपथ हालत में मिले। इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

चाबी लेने पहुंचे ड्राइवर ने देखा शव

घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे तब हुई, जब स्कूल की गाड़ी का ड्राइवर राकेश यादव परिसर में चाबी लेने पहुंचा। कमरे के बाहर खून देखकर जब उसने छानबीन की, तो विनीता सिंह का शव कमरे के पास पड़ा मिला। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने जब आगे तलाश की, तो विनीता के शव से लगभग 150 मीटर की दूरी पर मुकेश सिंह का शव भी खून से सना पड़ा मिला।

घटनास्थल से पुलिस को खून से सना फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले पत्नी पर वार किया और जान बचाकर भाग रहे मुकेश को भी निशाना बना लिया।

चुनावी रंजिश समेत इन एंगलों पर जांच

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, कादीपुर सीओ विनय गौतम, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

मृतक मुकेश सिंह मोतिगरपुर में लगातार शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे और आगामी चुनाव में भी प्रत्याशी थे। विनीता सिंह गांव में इंटर कॉलेज का संचालन करती थीं और पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुकी थीं। पुलिस परिवार के पैतृक संपत्ति व जमीन से जुड़े विवादों के कोण से भी पड़ताल कर रही है।

ये भी पढ़े-फतेहपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, चार सगे भाइयों समेत पांच मरे

दंपती का 20 वर्षीय पुत्र दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता है, जिसे घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़े-IIT, IIM से बनीं Ex IAS दिव्या मित्तल अब आईं राजनीति के मैदान में

Back to top button