
पांच करोड़ वाले बयान पर दिनेश फलाहारी का यू-टर्न, प्रेमानंद महाराज से मांगी माफी
Dinesh Falhari Apology: क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) के वृंदावन आने पर पांच करोड़ रुपये लेने का विवादित आरोप लगाने वाले श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा उर्फ फलाहारी बाबा अब पूरी तरह बैकफुट पर आ गए हैं। फलाहारी बाबा ने संत प्रेमानंद महाराज और उनके भक्तों से हाथ जोड़कर माफी मांग ली है।
ऐसा माना जा रहा है कि मथुरा-वृंदावन के संतों द्वारा किए गए सामाजिक और धार्मिक बहिष्कार के कड़े फैसले के बाद फलाहारी बाबा बैकफुट पर आए हैं।
बैकफुट पर फलाहारी महाराज
बता दें कि कुछ दिनों पहले दिनेश फलाहारी ने दावा किया था कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम में विराट कोहली के आने के पीछे कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये का वित्तीय लेनदेन हुआ था। इस बयान के सामने आने के बाद भारी बवाल मच गया था।
खुद विराट कोहली की आधिकारिक टीम ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया था। इसके बाद मथुरा-वृंदावन के तमाम साधु-संतों और ब्रजवासियों में उनके खिलाफ गहरा आक्रोश फैल गया था और उनका कड़ा विरोध किया जाने लगा था।
ये भी पढ़े-फलाहारी महाराज के दावे पर भड़के विराट कोहली, टीम ने जारी कर दिया बयान
‘मुझे मिल रही हैं धमकियां’
विवाद बढ़ता देख और चारों तरफ से घिरे होने के बाद दिनेश फलाहारी ने अपना यू-टर्न लेते हुए मीडिया के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया गया था। फलाहारी ने कहा, “प्रेमानंद महाराज हमारे और पूरे हिंदुस्तान के लिए बेहद पूजनीय संत हैं। अगर मेरे किसी बयान से उन्हें या उनके अनुयाעियों को ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए क्षमा प्रार्थी हूं।”
साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बयान के बाद उन्हें देशभर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते उनका परिवार भी दहशत में है। अब उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे भविष्य में इस तरह का कोई बयान नहीं देंगे।





