Lucknow: चिनहट में आर्किटेक्ट की छात्रा शिवानी मिश्रा की मौत, फ्लैट में बेहोश पड़ी थी

Lucknow News: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के चिनहट थाना क्षेत्र में बीबीडी यूनिवर्सिटी में बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (B.Arch) की पढ़ाई कर रही 22 वर्षीय छात्रा शिवानी मिश्रा का शव किराए के फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक तौर पर पुलिस मामले को आत्महत्या के एंगल से भी देख रही है, लेकिन मृतका के परिजनों ने बेटी की मौत पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है।

दरवाजा अंदर से बंद मिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय शिवानी मिश्रा मूल रूप से प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के लेदहा गांव की रहने वाली थी। वह लखनऊ के चिनहट इलाके के अशरफ विहार कॉलोनी स्थित शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ किराए पर रह रही थी। बताया गया है कि तीनों छात्राएं बीबीडी में पढ़ाई करने के साथ-साथ नौकरी भी करती थीं।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम करीब आठ बजे जब शिवानी की सहेली रिया मिश्रा नौकरी से वापस फ्लैट पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो अपार्टमेंट के गार्ड की मदद से सीढ़ियों के रास्ते से भीतर प्रवेश किया गया। कमरे के अंदर शिवानी जमीन पर बेहोश पड़ी मिली। सहेली ने तुरंत अपने परिचित अभिषेक चौधरी को बुलाया और शिवानी को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़े-अखिलेश यादव के रोड शो में आई JCB से BJP नेता के बेटे की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

सुसाइड नोट बरामद

सूचना पर पहुंची चिनहट पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को कमरे में पंखे से लटका हुआ एक दुपट्टा मिला, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। इसके अलावा कमरे में रखी डायरी से एक पुराना सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने अपार्टमेंट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है तथा सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की है। हालांकि, मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है।

चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े-Lucknow: छह लाख की सुपारी और सिपाही प्रेमी, पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी गिरफ्तार

Back to top button