
अखिलेश यादव के रोड शो में आई JCB से BJP नेता के बेटे की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
Gorakhpur Accident News: गोरखपुर में बुधवार दोपहर ढाई बजे जेसीबी से दबकर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 साल के बेटे आर्यवर्धन की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की टक्कर से बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान चीख पुकार मच गई। पिता बार-बार बेटे की लाश को पकड़कर रोते हुए बोल रहे थे वापस आ जाओ बेटा। ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में गुरुवार को 66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है।
बहन को स्कूल से लेने जा रहा था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर की पहचान आर्यवर्धन सिंह (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का होनहार छात्र था। आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत भारतीय जनता पार्टी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक हैं और झारखंडी स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं।
बुधवार दोपहर आर्यवर्धन अपनी छोटी बहन को लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा अखिलेश यादव के स्वागत के लिए फूल बरसाने को की गई जेसीबी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आर्यवर्धन सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे आनन-फानन में एम्स (AIIMS) अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देवरिया फोरलेन पर लगाया जाम
कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम करीब छह बजे झारखंडी कॉलोनी के सामने गोरखपुर-देवरिया फोरलेन मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत ने आरोप लगाया कि पीडीए रथ यात्रा के दौरान फूल बरसाने के लिए लापरवाही से चलाई जा रही जेसीबी ने उनके बेटे की जान ली है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कार्यक्रम के पूरे आयोजक मंडल पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
सीएम योगी ने जताया दुख
हादसे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात करीब आठ बजे जाम समाप्त हो सका। पुलिस ने संबंधित जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया है।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को तत्काल 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।





