
UP में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, 1.73 लाख बूथों पर लगेगा विशेष कैंप
UP Voter List: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया के तहत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों को एक और विशेष अवसर मिलने जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को प्रदेशभर के लगभग 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक अपने-अपने बूथ पर ड्राफ्ट मतदाता सूची और आवश्यक प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि जो मतदाता 21 और 22 नवंबर के अभियान में शामिल नहीं हो पाए थे, वे अपना नाम जुड़वा या विवरण ठीक करा सकें।
18 वर्ष के युवाओं का मौका
विशेष अभियान के दौरान नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। नया नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा, नाम हटवाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाएगा, जबकि नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन तथा पता बदलने के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है।
कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश
(प्रेस विज्ञप्ति)28 एवं 29 नवंबर को अभियान दिवसों में भी मिलेगा मतदाता सूची में नाम जांचने एवं जुड़वाने का अवसर
प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर आगामी विशेष अभियान दिवसों में भी बीएलओ रहेंगे उपस्थित
21 एवं 22 नवंबर के अभियान में शामिल न हो पाने वाले नागरिक, अगले विशेष अभियान दिवसों में कर सकते हैं प्रतिभाग
मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों के नाम की ऑनलाइन भी की जा सकती जांच, नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर कराएं पंजीकरण
लखनऊ, 22 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आलेख्य मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में फार्मों (6, 7 एवं 8) के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे। नागरिकों को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया गया।
यदि कोई नागरिक 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में किसी कारणवश अपने मतदेय स्थल पर नहीं पहुंच सके हैं, तो भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। आगामी 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिवसों पर नागरिक अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना एवं परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं और नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के लिए आवश्यक है, इसलिए सभी पात्र नागरिक को समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराना चाहिए।
प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा आज भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची एवं आवेदन फार्मों की उपलब्धता, बूथ लेवल एजेंटों की सहभागिता, मतदाता सहायता डेस्क तथा पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण, बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क, बुक ए कॉल विद बीएलओ के लंबित प्रकरणों तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की जानकारी ली। बीएलओ को निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए और सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
प्रदेश वासियों से अनुरोध है कि वे आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों को सफल बनाने की मुहिम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। मतदाता सूची में नाम की जांच ऑनलाइन भी की जा सकती है। इसके लिए नागरिक सेवा पोर्टल https://t.co/CcvJiIz3H0 अथवा ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता विवरण में संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं। विशेष अभियान दिवसों की प्रतीक्षा किए बिना निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
@ECISVEEP
@ANI
@ians_india
@PTI_News
@DDNewslive
@airnewsalerts
@SpokespersonECI— CEO Uttar Pradesh (@ceoup) November 22, 2026
जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र हैं और समय रहते आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और नए पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
मतदाता पंजीकरण या संशोधन के लिए बूथ पर जाने के साथ-साथ घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आपत्तियां दर्ज कराने की निर्धारित अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक तय की गई है, जिसके तहत नागरिक विशेष अभियान दिवसों के अलावा भी इस समयावधि में आवेदन कर सकते हैं। 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर तैयार की जा रही इस सूची के लिए प्राप्त दावों व आपत्तियों के निस्तारण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।





