Lucknow: पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के घर संदिग्ध घुसपैठ, घर का ताला टूटा मिला

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र स्थित पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नूतन ठाकुर के आवास में संदिग्ध घुसपैठ और चोरी के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। रविवार को उनके विराम खंड स्थित आवास के मुख्य लोहे के ग्रिल गेट का ताला टूटा हुआ पाया गया।

भीतर जांच करने पर मकान की दूसरी मंजिल और छत का दरवाजा भी खुला मिला, जबकि घटना के समय अमिताभ ठाकुर और नूतन ठाकुर लखनऊ से बाहर थे।

CCTV तारों से छेड़छाड़

घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आवास से किसी कीमती सामान या नकदी के चोरी होने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, घर में लगे CCTV कैमरा सिस्टम के तारों में संदिग्ध छेड़छाड़ की आशंका ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है।

अमिताभ ठाकुर ने इस घटनाक्रम को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि आवास से कोई सामान गायब नहीं हुआ है, तो आखिर किस मंशा से मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया गया या प्रवेश करने का प्रयास हुआ। उन्होंने CCTV सिस्टम से संभावित छेड़छाड़ को चिंताजनक बताते हुए आशंका जताई है कि यह पूरा घटनाक्रम किसी गहरी साजिश की ओर भी संकेत कर सकता है।

पुलिस का घटनास्थल निरीक्षण

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और टूटे ताले, खुले दरवाजों तथा CCTV प्रणाली की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आवास पर मौजूद शिव कुमार की ओर से गोमतीनगर थाने में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस FIR दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

पुलिस टीम आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रात या दिन के किस समय गेट का ताला तोड़ा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।

Back to top button