वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत का धमाकेदार आगाज, आयुष शेट्टी ने रचा इतिहास

आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 चीन के शी यू की को हराकर बड़ा उलटफेर किया, वहीं पीवी सिंधु ने भी आसान जीत दर्ज की।

BWF Badminton World Championships 2026: नई दिल्ली में आयोजित हो रही BWF बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत भारतीय दल के लिए बेहद यादगार रही। प्रतियोगिता के पहले ही दिन (17 अगस्त) भारत के 21 वर्षीय युवा शटलर आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए पुरुष सिंगल्स के पहले राउंड में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी और डिफेंडिंग चैंपियन चीन के शी यू की को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

वहीं, महिला सिंगल्स में भारत की स्टार शटलर और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने भी अपना दबदबा कायम रखते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया।

आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड नंबर-1 को चटाया धूल

वर्ल्ड बैडमिंटन रैंकिंग में 22वें स्थान पर मौजूद आयुष शेट्टी ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। आयुष ने 73 मिनट तक चले कांटे के मुकाबले में गत विजेता चीन के शी यू की को हरा दिया।

पहला गेम आसानी से जीतने के बाद आयुष दूसरा गेम हार गए। निर्णायक तीसरे गेम में 11-5 की बढ़त हासिल करने के बाद चीनी दिग्गज ने वापसी की कोशिश की, लेकिन आयुष ने अपना संयम बनाए रखा और 21-19 से गेम जीतकर इतिहास रच दिया। 

पीवी सिंधु ने की जीत से शुरुआत

महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 64 मुकाबले में भारत की दिग्गज पीवी सिंधु ने पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल को महज कुछ ही मिनटों में सीधे सेटों में 21-7, 21-11 से मात दी। इस शानदार जीत के साथ सिंधु ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। पूरे मैच के दौरान सोफिया के पास सिंधु के आक्रामक खेल का कोई जवाब नहीं था।

डबल्स में भी भारतीयों का जलवा

सिंगल्स के अलावा भारत के लिए डबल्स मुकाबलों में भी पहला दिन सफल रहा। महिला डबल्स की इस स्टार जोड़ी ने अपने पहले राउंड के मैच में स्पेन की जोड़ी को 21-9, 21-13 से शिकस्त देकर अगले दौर में जगह बनाई।

पुरुष डबल्स में अर्जुन और अमसाकरुणन की जोड़ी ने आयरिश जोड़ी के रिटायर्ड होने के बाद अगले दौर में कदम रखा।भारतीय शटलर्स के इस प्रदर्शन से होम ग्राउंड पर टूर्नामेंट के पहले ही दिन भारत की पदक की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

ये भी पढ़े- State T20 लीग पर फिक्सिंग का साया, एक्शन मोड में BCCI की एंटी करप्शन यूनिट

Back to top button