Greater Noida: बालकनी में बेटे से फूल तुड़वा रहे थे पिता, 23वीं मंजिल से गिरकर दोनों की मौत

Greater Noida Tragedy: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी (Mahagun Mywoods Society) में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। सोसाइटी के टावर-23 में रहने वाले 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय मासूम बेटे आरव की 23वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई।

धार्मिक यात्रा पर निकलने से पहले पूजा के लिए फूल तोड़ने के दौरान यह दुखद घटना घटी। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में मातम और सन्नाटा पसर गया है।

खाटू श्याम जाने की थी तैयारी

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय में अनुभाग अधिकारी (Section Officer) के पद पर तैनात रणदीप पात्रा और उनका परिवार शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए निकलने की तैयारी कर रहा था। यात्रा पर निकलने से पहले रणदीप अपने इकलौते बेटे आरव के साथ घर की बालकनी में लगे पौधों से पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे।

मासूम को बचाने की कोशिश में गिरे पिता

परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने बताया कि बालकनी में सीढ़ी और गमलों के पास फूल तोड़ते वक्त अचानक 11 वर्षीय आरव का पैर फिसल गया और वह बालकनी से नीचे की तरफ लटकने लगा। अपने जिगर के टुकड़े को आंखों के सामने गिरता देख पिता रणदीप पात्रा तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े और उसका हाथ पकड़कर ऊपर खींचने का प्रयास करने लगे। हालांकि, इस आपाधापी और संतुलन बिगड़ने के कारण रणदीप भी 23वीं मंजिल से नीचे आ गिरे।

पुलिस ने शुरू की जांच

तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल 112 के जरिए बिसरख थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम दोनों को लहुलुहान हालत में पास के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बिसरख थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Back to top button