
यूपी में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री ठप… नए सर्वर अपग्रेड के बाद बुधवार से शुरू होगा काम
UP Property Registry: जेवर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री का कार्य फिलहाल दो दिन के लिए ठप हो गया है। स्टांप एवं निबंधन विभाग ने अपने ऑनलाइन सिस्टम को पुराने “मेघराज क्लाउड सर्वर” से हटाकर “नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड सर्वर” पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसी कारण सोमवार और मंगलवार (10 और 11 नवंबर) को रजिस्ट्री का कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।
विभाग ने जानकारी दी है कि बुधवार से सभी कार्य सामान्य रूप से फिर शुरू कर दिए जाएंगे।
नागरिकों को हो रही दिक्कतें
सर्वर अपडेशन के चलते जिन लोगों ने सोमवार को रजिस्ट्री कराने की योजना बनाई थी, उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। जेवर सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर कई लोग बैनामा और अन्य दस्तावेजों की रजिस्ट्री के लिए पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें बताया गया कि सर्वर बंद होने के कारण कोई ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं हो पाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि यह अस्थाई व्यवस्था है और बुधवार से ऑनलाइन सिस्टम पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा।
क्यों किया जा रहा है बदलाव
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अब तक सभी ऑनलाइन रजिस्ट्री कार्य मेघराज क्लाउड सर्वर के माध्यम से किए जा रहे थे। लेकिन लंबे समय से सर्वर डाउन रहने, वेबसाइट के धीमे चलने और डाटा एक्सेस में दिक्कतों जैसी शिकायतें मिल रही थीं।
इन तकनीकी परेशानियों को खत्म करने के लिए विभाग ने अपने सिस्टम को नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड (NGC) पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया। इससे भविष्य में सर्वर की स्थिरता बढ़ेगी और नागरिकों को तेज़ और सुरक्षित ऑनलाइन सेवाएं मिल सकेंगी।
यह भी पढ़ें…
अवधी संस्कृति को समेटे रैंप पर उतरीं पूर्व विश्व सुंदरी, लखनऊ में बिखेरा जलवा
अपडेशन का शेड्यूल
विभाग ने सर्वर अपडेट का कार्य 8 से 11 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
- 8 नवंबर (शनिवार) – द्वितीय शनिवार का अवकाश
- 9 नवंबर (रविवार) – साप्ताहिक अवकाश
- 10-11 नवंबर (सोमवार-मंगलवार) – सर्वर अपडेशन का कार्य
- 12 नवंबर (बुधवार) – सभी निबंधन कार्यालयों में सामान्य कामकाज फिर से शुरू
यह भी पढ़ें…
UP में बिजली क्षेत्र के निजीकरण को लेकर मचा बवाल, बेलआउट पैकेज पर उठे सवाल
विभाग का बयान
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लंबे समय से सर्वर की गति धीमी होने और ऑनलाइन रजिस्ट्री में तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतें आ रही थीं। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब इसे नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड सर्वर पर ट्रांसफर किया जा रहा है। बुधवार से सभी कार्यालयों में सामान्य कार्य शुरू हो जाएगा।”
लोगों की उम्मीदें
जेवर और आसपास के क्षेत्रों में संपत्ति खरीदने-बेचने वालों को अब बुधवार का इंतजार है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि नए सर्वर पर काम शुरू होने के बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज़ और पारदर्शी होगी।
यह भी पढ़ें…





